जमीन घोटाले में अभिषेक बनर्जी के पीए सुमित राय की तलाश
कोलकाता । डेस्क: तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी के निजी सहायक (पीए) सुमित राय की तलाश में शालबनी थाना पुलिस ने देर रात उनके कोलकाता स्थित कालीघाट आवास पर छापेमारी की. सूत्रों के मुताबिक, वित्तीय धोखाधड़ी और जमीन घोटाले के एक मामले में पुलिस को सुमित राय की तलाश है.
दरअसल, हाल ही में गिरफ्तार हुए मेदिनीपुर के पूर्व विधायक सुजय हाजरा से पूछताछ के बाद सुमित राय का नाम सामने आया था.
पुलिस जांच में सुमित के मोबाइल की आखिरी 'टावर लोकेशन' अभिषेक बनर्जी के घर पर मिली थी, जिसके बाद शालबनी पुलिस की एक टीम रात करीब 3 बजे कालीघाट के पटुआपाड़ा पहुंची. काफी आवाज देने के बाद भी जब अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो पुलिस ने घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और भीतर दाखिल हुई.
हालांकि, घंटों तलाशी के बाद भी सुमित राय का कोई सुराग नहीं मिला और सुबह करीब 8 बजे पुलिस वहां से रवाना हो गई.
इस पुलिसिया कार्रवाई की भनक लगते ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी सुबह-सुबह अभिषेक बनर्जी के आवास पर पहुंच गईं और सुबह 8 बजे पुलिस के जाने के बाद वहां से निकलीं, हालांकि उन्होंने मीडिया के सामने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की.
वहीं, अभिषेक बनर्जी ने पुलिस पर प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस ने उनके घर का ताला तोड़ा और पूरे परिसर की तलाशी ली, लेकिन उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ.
उन्होंने यह भी दावा किया कि पुलिस की इस पूरी कार्रवाई की रिकॉर्डिंग की गई है.
गौरतलब है कि अभिषेक बनर्जी इस समय कई जांच एजेंसियों के रडार पर हैं. विधानसभा में फर्जी हस्ताक्षर मामले में सीआईडी उनसे पूछताछ कर चुकी है और आगामी 14 जून को दोबारा तलब किया है, जबकि 15 जून को प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले के मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने उन्हें पूछताछ के लिए बुलाया है.