आग की अफवाह: ट्रेन से कूदे 4 यात्रियों की कटकर मौत
मुरैना । डेस्क: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार (14 जून, 2026) को ट्रेन में आग लगने की अफवाह के चलते चार यात्रियों की जान चली गई. अफवाह से घबराकर ये यात्री ट्रेन से नीचे पटरियों पर कूद गए थे, जहां सामने से आ रही एक दूसरी एक्सप्रेस ट्रेन ने उन्हें कुचल दिया.
अधिकारियों से मिली जानकारी के मुताबिक, यह दुखद घटना उत्तर मध्य रेलवे के झांसी रेल मंडल के अंतर्गत हेतमपुर और धौलपुर स्टेशनों के बीच शाम करीब 4:15 बजे हुई. खजुराहो-उदयनगर इंटरसिटी एक्सप्रेस (Khajuraho-Udaipur Intercity Express) में अचानक आग लगने की अफवाह फैल गई, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया.
घबराहट के मारे किसी यात्री ने ट्रेन की चेन खींच दी, जिससे गाड़ी रुक गई.
ट्रेन रुकते ही जान बचाने की होड़ में कुछ यात्री आनन-फानन में नीचे ट्रैक पर कूद गए. झांसी रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी (PRO) मनोज सिंह ने बताया कि इसी दौरान बगल वाली पटरी से पातालकोट एक्सप्रेस (Patalkot Express) तेज रफ्तार में गुजर रही थी.
पटरी पर उतरे यात्री सामने से आ रही इस ट्रेन को नहीं देख पाए और उसकी चपेट में आ गए. हादसे में चारों यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई.
इस भीषण हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, स्थानीय पुलिस और राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं. फिलहाल रेलवे अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जा रही है कि आग की अफवाह किसने और कैसे फैलाई. Symbolic Photo.