रायगढ़-सारंगढ़ मार्ग पर सड़क हादसा: छोटा हाथी की टक्कर से बाइक सवार की मौत
रायगढ़ के पुसौर क्षेत्र में धनतेरस की खरीदारी कर लौट रहे बाइक सवार युवक की छोटा हाथी से भिड़ंत में दर्दनाक मौत, पुलिस ने दर्ज किया मामला.
रायगढ़ । संवाददाता: रायगढ़ जिले के पुसौर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर धनतेरस का त्यौहार मनाने के लिए रायगढ़ से खरीदारी करके अपने गांव वापस लौट रहे एक बाइक सवार युवक की रास्ते में जान चली गई. मृतक की पहचान बड़े भंडार निवासी 35 वर्षीय रामेश्वर मैत्री के रूप में हुई है. घटना के बाद घायल अवस्था में अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही पुसौर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
इसके साथ ही आरोपी वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है.
यह दुर्घटना रायगढ़-सारंगढ़ मार्ग पर स्थित ग्राम तेतला हाईस्कूल के सामने शुक्रवार की दोपहर लगभग ढाई बजे घटी.
चंद्रपुर की दिशा से आ रहे तेज रफ्तार छोटा हाथी (क्रमांक CG 13 AX 7514) और विपरीत दिशा से आ रही बाइक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. इस टक्कर में युवक के सीने और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आई थीं, जो अंततः जानलेवा साबित हुईं.