शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

RCB का IPL मैच छत्तीसगढ़ में ?

RCB का IPL मैच छत्तीसगढ़ के रायपुर में हो सकता है

C

CG Khabar

13 जन. 2026, 03:10 PM 3 मिनट में पढ़ें 1

शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम रायपुर
शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम रायपुर

रायपुर । संवाददाता: आईपीएल 2026 को लेकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के घरेलू मैदान को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है. ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, RCB ने अपने होम मैचों के लिए नए वेन्यू लगभग तय कर लिए हैं, जिनमें छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर का नाम प्रमुख रूप से सामने आया है. टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, RCB ने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक के बाद नवी मुंबई और रायपुर को 2026 सीजन के लिए संभावित घरेलू मैदान के तौर पर अंतिम रूप दे दिया है.


रिपोर्ट में बताया गया है कि नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में RCB के पांच होम मैच खेले जा सकते हैं, जबकि शेष दो मुकाबले रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित होने की संभावना है. रायपुर हाल के वर्षों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मानचित्र पर तेजी से उभरा है और यहां कई अहम मैच सफलतापूर्वक आयोजित हो चुके हैं. वहीं, डीवाई पाटिल स्टेडियम पहले से ही विमेंस प्रीमियर लीग जैसे बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी करता रहा है.


बताया जा रहा है कि RCB ने दोनों संभावित वेन्यू पर लॉजिस्टिक्स और ऑपरेशनल तैयारियों पर काम शुरू कर दिया है. खास बात यह है कि 2026 आईपीएल के लिए RCB ने अपने पारंपरिक घरेलू मैदान एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के लिए कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (KSCA) से संपर्क तक नहीं किया है.


दरअसल, 2025 में RCB की पहली आईपीएल जीत के बाद बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर विजय परेड के दौरान हुई भगदड़ के बाद से यह विवाद शुरू हुआ था. इस घटना के बाद स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे और RCB, KSCA तथा कर्नाटक सरकार के बीच तनातनी की स्थिति बन गई. KSCA को भी अपने कई घरेलू और अन्य टूर्नामेंटों के मैच अलूर, हुबली और बेलगावी जैसे वैकल्पिक स्टेडियमों में कराने पड़े.


इसी बीच, आईपीएल 2026 से जुड़ी एक और बड़ी खबर यह है कि राजस्थान रॉयल्स ने जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम को छोड़कर पुणे के एमसीए स्टेडियम को अपना नया घरेलू मैदान बनाने का फैसला किया है. राजस्थान क्रिकेट संघ (RCA) के साथ लंबे समय से चले आ रहे विवाद, प्रशासनिक अस्थिरता और सुरक्षा व इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी चिंताओं के चलते यह कदम उठाया गया है. माना जा रहा है कि 2025 में खराब घरेलू प्रदर्शन भी इस फैसले की एक वजह हो सकता है.


अब सभी फ्रेंचाइजी के घरेलू मैदानों को लेकर अंतिम निर्णय भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) द्वारा लिया जाना है. अगर सब कुछ तय रिपोर्ट्स के अनुसार होता है, तो आईपीएल 2026 में छत्तीसगढ़ के रायपुर में RCB के मुकाबले क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक बड़ी सौगात साबित हो सकते हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP