शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

रांची के CA के पास 900 करोड़ की बेनामी संपत्ति

C

CG Khabar

02 दिस. 2025, 06:49 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

ED
ED

रांची । डेस्क: प्रवर्तन निदेशालय ने रांची के एक चार्टर्ड अकाउंटेंट नरेश कुमार केजरीवाल के 900 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति का पता लगाया है. मंगलवार सुबह से ही केंद्रीय जांच एजेंसी की कई टीमें सीए नरेश केजरीवाल के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. 


यह कार्रवाई सिर्फ रांची तक सीमित नहीं है, बल्कि मुंबई और सूरत में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है. सूत्रों के हवाले से खबर है कि नरेश के एक ठिकाने से अब तक करोड़ों रुपये नकद बरामद किए जा चुके हैं.

विज्ञापन


ED सूत्रों के मुताबिक, नरेश केजरीवाल पर हवाला के जरिए करोड़ों रुपये विदेश भेजने का आरोप है. यह संपत्ति देश के इन तीन शहरों के साथ-साथ विदेशों में भी परिवार के सदस्यों और बेनामी नामों पर फैली हुई है. 


जांचकर्ताओं ने कहा कि सीए नरेश के खिलाफ धन शोधन (PMLA) का नहीं, बल्कि विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. यह मामला पहले आय से अधिक संपत्ति का था, जो आयकर विभाग से ED के पास आया था. जांच में ED को 900 करोड़ की शुरुआती संपत्ति का पता चला है.


जांच एजेंसी को यह भी पता चला है कि नरेश कथित तौर पर संयुक्त अरब अमीरात, नाइजीरिया और अमेरिका में बेनामी संपत्तियों का प्रबंधन करते हैं. 


जांचकर्ताओं ने ₹1500 करोड़ के हालिया लेन-देन का भी पता लगाया है. ED अब नरेश को हिरासत में लेकर यह पता लगाना चाहती है कि विदेशों में उनकी कितनी संपत्ति है और उसका वर्तमान बाजार मूल्य क्या है. इस संबंध में इसी साल अप्रैल में महाराष्ट्र के नंदुरबार थाने में भी नरेश के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP