भारत के ड्रोन को नहीं पकड़ सकते US और चीन- राजनाथ सिंह
नई दिल्ली । डेस्क: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर में देश के सबसे बड़े एयरो इंजन टेस्ट बेड का उद्घाटन किया, जिसे राफे एमफिबर प्राइवेट लिमिटेड ने बनाया है. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भारत के ड्रोन इतने उन्नत हैं कि उन्हें न तो अमेरिका और न ही चीन पकड़ सकता है.
राजनाथ सिंह ने इसे भारत की "नई तकनीकी क्रांति" का प्रतीक बताया.
उन्होंने कहा, "आज भारतीय ड्रोन आसमान में उड़ते हैं, तो न अमेरिका और न ही चीन उन्हें पकड़ सकता है. यह एक बड़ी उपलब्धि है."
रक्षा मंत्री ने ड्रोन को आधुनिक युद्ध नीति का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए कहा कि रूस-यूक्रेन संघर्ष में ड्रोन के व्यापक उपयोग ने उनकी अहमियत को साबित किया है.
सिंह ने आत्मनिर्भर भारत की दिशा में प्रगति पर जोर देते हुए कहा कि पहले भारत को ड्रोन आयात करने पड़ते थे, लेकिन अब देश में ही ड्रोन डिजाइन, विकसित और निर्मित हो रहे हैं.
उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा कि जब साहस, दृढ़ संकल्प और विज्ञान एक साथ आते हैं, तो असंभव भी संभव हो जाता है.
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, सीडीएस जनरल अनिल चौहान और अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे.