रायपुर: माना में छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती पर पेट्रोल डाल लगाई आग
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के माना थाना इलाके में एक युवक ने छेड़छाड़ का विरोध करने पर युवती के ऊपर पेट्रोल उड़ेलकर आग के हवाले कर दिया. आग की चपेट में आने से युवती गंभीर रूप से झुलस गई है, जिसे नाजुक हालत में इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पीड़िता के बयान और शुरुआती पड़ताल के आधार पर माना थाना पुलिस ने आरोपी वीरू धीवर के खिलाफ छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है.
वारदात के समय युवती की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से झुलसी हुई युवती को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज जारी है. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी और स्थानीय निवासियों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए.
पुलिस के अनुसार, आरोपी वीरू धीवर लगातार युवती के साथ अभद्रता कर रहा था, और जब पीड़िता ने इसका कड़ा प्रतिवाद किया तो विवाद बढ़ गया.
इसी गुस्से में आकर आरोपी ने जानलेवा कदम उठाते हुए घटना को अंजाम दिया.
वारदात के बाद से ही आरोपी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं. इसके अलावा आरोपी का सुराग लगाने और वारदात का सही घटनाक्रम समझने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं.