रायपुर: दीवार में आधा छेद कर लौटे चोर, दो रात बाद फिर आकर उड़ाए गहने
रायपुर । संवाददाता: रायपुर के रामनगर स्थित श्री लक्ष्मी विनायक ज्वेलर्स में एक दुस्साहसिक चोरी का मामला सामने आया है, जहां बेखौफ शातिरों ने दो चरणों में वारदात को अंजाम दिया. आरोपियों ने पहले 26 और 27 सितंबर की दरमियानी रात दुकान की दीवार में आधा छेद करके काम छोड़ दिया.
इसके बाद 29 और 30 सितंबर की रात वापस लौटकर छेद को बड़ा किया और दुकान में घुसकर सोने और चांदी के आभूषण पार कर दिए. 30 सितंबर की सुबह जब दुकान मालिक पहुंचे, तो दीवार टूटी और सामान बिखरा देखकर घटना का खुलासा हुआ.
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और रामनगर पुलिस चौकी की टीम ने इलाके के हजारों सीसीटीवी फुटेज खंगालने, संदिग्ध वाहनों की ट्रैकिंग और मुखबिरों की सूचना के आधार पर मामले की गुत्थी सुलझा ली.
पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड और उसके एक साथी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरा आरोपी फिलहाल फरार है.
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी ने महासमुंद में लाखों रुपये का लोन लेकर आइस फैक्टरी खोली थी. व्यापार में घाटा होने और कर्जदारों के दबाव के चलते उसने फैक्टरी वर्कर और साथी के साथ मिलकर इस चोरी की साजिश रची थी.
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए करीब 3.5 किलोग्राम चांदी के जेवर (कीमत 7.92 लाख रुपये), 50 हजार रुपये के सोने के आभूषण और 10 हजार रुपये के आर्टिफिशियल जेवरात बरामद किए हैं.
इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल एक कार और बिना नंबर की स्कूटर भी जब्त की गई है. कुल बरामद संपत्ति और वाहनों की कीमत लगभग 14.52 लाख रुपये आंकी गई है. गुढ़ियारी थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305(A) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.