रायपुर: ढेबर परिवार से बिश्नोई गैंग के नाम पर 50 करोड़ की रंगदारी
रायपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ढेबर परिवार को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के नाम पर भारी-भरकम 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने की धमकी दी गई है. अज्ञात कॉलर ने ढेबर परिवार के एक कर्मचारी के मोबाइल पर संपर्क कर अनवर ढेबर और एजाज ढेबर का नाम लिया और मांग पूरी न होने पर जान से मारने की बात कही.
कर्मचारी द्वारा परिजनों को पूरी घटना की जानकारी देने के तुरंत बाद पुलिस को सूचित किया गया, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है.
पुलिस अब उस फोन नंबर की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), लोकेशन और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगालने में जुटी है ताकि धमकी देने वाले की सही जगह का पता लगाया जा सके.
रायपुर कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की तलाश की जा रही है.
जांच अधिकारी इस पहलू की भी गंभीरता से पड़ताल कर रहे हैं कि कॉल करने वाला सचमुच किसी बड़े आपराधिक गिरोह से ताल्लुक रखता है या फिर यह व्यक्तिगत रंजिश के चलते किसी सिरफिरे की डराने-धमकाने की साजिश है.