शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

छत्तीसगढ़ में 13 अगस्त से बारिश

H

Hupendra Sharma

11 अग. 2025, 07:25 AM 3 मिनट में पढ़ें 1

बारिश
बारिश

रायपुर | संवाददाताः छत्तीसगढ़ में 13 अगस्त से एक बार फिर बारिश का दौर तेज होने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य हिस्से में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन रहा है.


इस सिस्टम के सक्रिय होने से प्रदेश के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं गरज-चमक के साथ वज्रपात की भी आशंका है.

विज्ञापन


इसके प्रभाव से आज यानी सोमवार को भी सरगुजा और बस्तर संभाग के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. 


छत्तीसगढ़ में करीब पखवाड़े भर से बारिश की गतिविधियों में कमी आई है. जिसकी वजह से उमस और गर्मी बढ़ गई है.


गर्मी बढ़ने से जनता का हाल बेहाल है. वहीं उमस भरी गर्मी से लोगों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है.


बारिश नहीं होने से तापमान भी बढ़ गया है. रात का तपमान 21 से 28 डिग्री से बीच बना हुआ है.


रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान 34.6 डिग्री दुर्ग में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री पेण्ड्रा रोड में दर्ज किया गया.


मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले तीन दिनों तक बारिश के साथ तेज आंधी-तूफान की भी चेतावनी दी है. साथ ही कई इलाकों में बिजली गिरने की आशंका जताई गई है.


मौसम विभाग ने लोगों को सलाह देते हुए कहा है कि वे खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें और बिना आवश्यक कारण के खुले स्थानों पर न जाएं.


पिछले 24 घंटे का मौसम और तापमान

बीते 24 घंटों के दौरान दक्षिण छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में मध्यम बारिश दर्ज की गई. जबकि प्रदेश के अन्य इलाकों में हल्की से मध्यम वर्षा हुई.


इसके साथ ही कोंटा में 6 सेमी, छोटेडोंगर में 5 सेमी तथा सुकमा और सोनहत में 4-4 सेमी वर्षा रिकार्ड की गई. वहीं गादीरास में 3, जनकपुर भरतपुर में 2, अंतागढ़ में 2, रेंगाखार कला में 2, कोहकामेटा में 2, माकड़ी में 2, कवर्धा 2, सरिया 1, बड़े बचेली 1, कटेकल्याण 1, कोमाखान 1, बारसूर 1, छिंदगढ़ 1, बकावंड 1, कुटरू 1, नारायणपुर 1 सेमी वर्षा दर्ज की गई.


छत्तीसगढ़ में अब तक बारिश

प्रदेश में 1 जून से 10 अगस्त तक 673 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है. राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा स्थापित राज्य स्तरीय बाढ़ नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार अब तक सबसे ज्यादा बारिश बलरामपुर में 1100.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है. बेमेतरा जिले में सबसे कम 334.4 मिमी बारिश हुई है.


रायपुर संभाग में बारिश: रायपुर जिले में 596.6 मिलीमीटर, बलौदाबाजार में 557.6 मिलीमीटर, गरियाबंद में 538.0 मिलीमीटर, महासमुंद में 545.4 मिलीमीटर और धमतरी में 521.0 मिलीमीटरऔसत वर्षा दर्ज हुई है.


बिलासपुर संभाग में बारिश: बिलासपुर जिले में 689.9 मिलीमीटर, मुंगेली में 689.1 मिलीमीटर., रायगढ़ 807.5 मिलीमीटर, जांजगीर-चांपा में 875.1 मिलीमीटर, कोरबा में 723.5 मिलीमीटर, गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही 648.2 मिलीमीटर, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 599.9 मिलीमीटर, सक्ती में 735.5 मिलीमीटर औसत बारिश हुई है.


दुर्ग संभाग में बारिश: दुर्ग जिले में 522.1 मिलीमीटर, कबीरधाम में 492.1 मिलीमीटर, राजनांदगांव में 564.0 मिलीमीटर, बालोद में 629.7 मिलीमीटर, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी में 816.3 मिलीमीटर, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई में 465.7 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज हुई है.


सरगुजा संभाग में बारिश: सरगुजा जिले में 498.8 मिलीमीटर, सूरजपुर में 829.3 मिलीमीटर, जशपुर में 751.8 मिलीमीटर, कोरिया में 778.3 मिलीमीटर और मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में 725.2 मिलीमीटर बारिश हुई.


बस्तर संभाग में बारिश: बस्तर जिले में 779.4 मिलीमीटर, कोंडागांव में 502.0 मिलीमीटर, नारायणपुर में 697.8 मिलीमीटर, बीजापुर में 818.2 मिलीमीटर, सुकमा में 526.4 मिलीमीटर, कांकेर में 604.6 मिलीमीटर, दंतेवाड़ा में 708.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड हुई है

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP