शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

रायगढ़: रील बनाने की शौकीन विवाहिता की फंदे पर लटकने से मौत

C

CG Khabar

19 जून 2026, 02:03 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

विशाखा देवांगन-रायगढ़
विशाखा देवांगन-रायगढ़

रायगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में कोतवाली थाना क्षेत्र के कोष्टापारा में 22 वर्षीय विवाहिता विशाखा देवांगन की फंदे पर लटकने से मौत हो गई. घटना के वक्त महिला घर में अकेली थी. पुलिस को मृतका के मोबाइल से करीब डेढ़ घंटे का एक वीडियो मिला है, जिसमें फंदा तैयार करने से लेकर मौत तक का पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ है. 


आशंका जताई जा रही है कि सोशल मीडिया के लिए वीडियो या 'रील' बनाने के चक्कर में यह भीषण हादसा हुआ, हालांकि पुलिस अभी हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है.


जांच के दौरान पुलिस को मृतका का मोबाइल फोन रिकॉर्डिंग मोड में बरामद हुआ. इस वीडियो में विशाखा पंखे पर साड़ी बांधकर फंदा तैयार करती नजर आ रही है. वीडियो के अनुसार, कुछ ही सेकंड में अचानक उसका पैर फिसल गया और वह फंदे पर झूल गई. 


हैरान करने वाली बात यह है कि वीडियो में वह खुद को बचाने के लिए फंदे को काटने की कोशिश भी करती दिख रही है, लेकिन वह इसमें कामयाब नहीं हो सकी. पुलिस ने मोबाइल को जब्त कर लिया है और वीडियो समेत तमाम डिजिटल सबूतों को खंगाला जा रहा है.


मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी सुशांतो बनर्जी ने बताया कि मंगलवार दोपहर जब विशाखा की सास घर लौटी, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था. काफी आवाज देने पर भी जब कोई जवाब नहीं मिला, तो परिजनों को बुलाकर दरवाजा तोड़ा गया. 


अंदर दाखिल होते ही परिजनों के होश उड़ गए. विशाखा का शव पंखे से लटक रहा था. इसके बाद तुरंत स्थानीय पुलिस को मामले की सूचना दी गई. फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है.


मृतका के पति शुभम देवांगन, जो एक जूता-चप्पल की दुकान में काम करते हैं, ने बताया कि दोनों की शादी करीब 4 साल पहले हुई थी. शुभम के मुताबिक, विशाखा को इंस्टाग्राम पर रील बनाने और अपलोड करने का काफी शौक था. 


उन्होंने यह भी साफ किया कि दोनों के बीच किसी तरह का कोई विवाद या तनाव नहीं था और दोनों ने आठवीं कक्षा तक पढ़ाई की थी. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP