घायलों का हाल जानने श्रीनगर पहुंचे राहुल
छत्तीसगढ़ घायलों व पीड़ित परिवारों से मिलने श्रीनगर पहुंचे राहुल गांधी
श्रीनगर | डेस्कः पहलगाम में हुए आतंकी हमले से घायल हुए लोगों का हाल जानने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शुक्रवार को श्रीनगर पहुंचे. अस्पताल पहुंचकर उन्होंने घायलों व पीड़ित परिवारों से मुलाकात की.
मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने पत्रकार वार्ता में कहा कि "यह एक भयानक त्रासदी है. मैं यहां के हालात जानने और मदद करने आया हूं. जम्मू-कश्मीर के सभी लोगों ने इस भयानक हमले की निंदा की है और इस समय वे राष्ट्र के साथ हैं. मेरा प्यार और स्नेह उन सभी लोगों के साथ है, जिन्होंने अपने परिवार के सदस्यों को खो दिया है. मैं सभी को बताना चाहता हूं कि पूरा राष्ट्र उनके साथ खड़ा है."
राहुल गांधी ने सरकार के साथ हुई सर्वदलीय बैठक को लेकर कहा कि विपक्ष ने इस हमले की निंदा की और सरकार द्वारा की जाने वाली किसी भी कार्रवाई को पूरा समर्थन दिया है. जो कुछ हुआ है उसके पीछे समाज को विभाजित करने का विचार है, भाई को भाई से लड़ाने की साजिश है. ऐसे में यह जरूरी है कि हर भारतीय एकजुट होकर आतंकवादियों की नापाक कोशिश को विफल करें."
गांधी ने कहा कि यह दुखद है कि कुछ लोग कश्मीर और देश के बाकी हिस्सों में हमारे भाइयों और बहनों पर हमला कर रहे हैं. हमें इस वक्त एकजुट होकर आतंकवाद को हराना है. इस घृणित काम से लड़ने और आतंकवाद को हमेशा के लिए हराने के लिए हमें एकजुट और साथ खड़ा होना होगा.
राहुल गांधी ने इस दौरान जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह और उपराज्यपाल से भी मुलाकात की.
राहुल गांधी की घायलों से मुलाकात की तस्वीर एक्स पर पोस्ट करते हुए कांग्रेस ने लिखा है, "नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पहलगाम हमले में घायल लोगों और पीड़ित परिवारों से मुलाकात की. पहलगाम में हुई आतंकी घटना मानवता पर प्रहार है, मोहब्बत और भाईचारे को मिटाने की एक शर्मनाक कोशिश है. आतंक के खिलाफ हम सभी एकजुट हैं. हमें साथ मिलकर इन नफरती ताकतों को करारा जवाब देना होगा."