राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जारी किया 200 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का
रायपुर में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शदाणी दरबार की 5वीं पीठाधीश पूज्य माता हासी देवी जी की 200वीं जयंती पर 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी कर सिंधी समाज को ऐतिहासिक सौगात दी.
रायपुर । संवाददाता: रायपुर स्थित लोकभवन के छत्तीसगढ़ मण्डपम में एक ऐतिहासिक और भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का जारी किया. इस गरिमामय अवसर पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी मौजूद रहे.
शदाणी दरबार रायपुर की 5वीं पीठाधीश पूज्य माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के पावन अवसर पर भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा यह सिक्का जारी किया गया है.
सिंधी समाज की महान विभूति के सम्मान में जारी हुआ यह स्मारक सिक्का देश-विदेश में बसे करोड़ों सिंधी समुदाय के लोगों के लिए गर्व का विषय है.
इस सिक्के के एक तरफ अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग अंकित है, जबकि दूसरी तरफ पूज्य माता हासी देवी जी की छवि दर्शाई गई है.
इस पहल का मुख्य उद्देश्य माता हासी देवी के आध्यात्मिक योगदान, जीवन मूल्यों और विचारों को भावी पीढ़ियों तक पहुँचाना है.
कार्यक्रम में स्वागत संबोधन शदाणी दरबार के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल जी ने दिया. समारोह में राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और देशभर से आए सिंधी समाज के प्रतिनिधि उपस्थित थे. श्रद्धालु और सिक्का संग्राहक जल्द ही इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे.