मनेंद्रगढ़: अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराई सवारी बस, 6 लोगों की जान गई
मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर बड़ा सड़क हादसा: पेड़ से टकराई बस, 6 यात्रियों ने गवाई जान और 15 घायल अस्पताल में भर्ती.
मनेन्द्रगढ़ । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-केल्हारी मार्ग पर पहाड़हंसवाही के समीप एक तेज रफ्तार यात्री बस अचानक अपना संतुलन खोकर सड़क किनारे मौजूद पेड़ से जा टकराई. इस भीषण टक्कर के कारण घटनास्थल पर ही चीख-पुकार मच गई. शुरुआती जानकारी में चालक समेत दो लोगों के दम तोड़ने की पुष्टि हुई थी, लेकिन देखते ही देखते मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 6 हो गया.
इस हादसे में करीब 15 यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं.
दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों और पुलिस-प्रशासन की टीम ने मिलकर तुरंत राहत तथा बचाव अभियान शुरू किया. पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीमों ने एंबुलेंस के जरिए सभी घायलों को बिना देरी के नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है. प्रशासनिक अमला पूरी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है.
घटना के तुरंत बाद उपजिलाधिकारी शशिशेखर मिश्रा ने अस्पताल का दौरा कर घायलों के स्वास्थ्य का हाल जाना और वहां मौजूद अधिकारियों को चिकित्सा से जुड़ी हर संभव व्यवस्था दुरुस्त रखने के कड़े निर्देश दिए.
इसके साथ ही पुलिस अधीक्षक रत्ना सिंह ने भी केल्हारी अस्पताल पहुंचकर स्थिति की समीक्षा की तथा घटना की पूरी जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.