सोनिया गांधी के संस्मरण 'बिलोंगिंग' पर बरपा सियासी घमासान
सोनिया गांधी की नई किताब 'बिलोंगिंग' को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच तीखा वाकयुद्ध शुरू हो गया है. बाबरी, 1984 के दंगे, बटला हाउस और 2004 में प्रधानमंत्री पद ना लेने से जुड़े दावों पर दोनों दलों के दिग्गज नेता आमने-सामने आ गए हैं.
नई दिल्ली । डेस्क: सोनिया गांधी के संस्मरण 'बिलोंगिंग: ए जर्नी ऑफ लव' के मंगलवार को जारी होते ही देश के राजनीतिक गलियारों में एक नया विवाद खड़ा हो गया है. भारतीय जनता पार्टी ने जहां सोनिया गांधी पर नेहरू-गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी के ऐतिहासिक गुनाहों पर पर्दा डालने का आरोप लगाया है, वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेताओं ने सत्ताधारी दल पर इस पूरी किताब को बेवजह राजनीतिक रंग देने का आरोप मढ़ा है.
भाजपा का तीखा हमला और कांग्रेस का पलटवार
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सी.आर. केसवन ने किताब के नाम पर आपत्ति जताते हुए कहा कि इसका शीर्षक 'बिलोंगिंग' के बजाय 'व्हाइटवॉशिंग' होना चाहिए था. उन्होंने आरोप लगाया कि इस किताब का मुख्य मकसद नेहरू-गांधी परिवार की पुरानी गलतियों और कांग्रेस के महापापों को छिपाना है.
केसवन ने सोनिया गांधी के उन बयानों पर भी सवाल उठाए जिसमें उन्होंने बाबरी मस्जिद विध्वंस, 1984 के सिख विरोधी दंगे, बटला हाउस एनकाउंटर और 26/11 मुंबई आतंकी हमलों का जिक्र किया है.
उन्होंने पूछा कि बाबरी मस्जिद पर आंसू बहाने वाली सोनिया गांधी ने क्या 1984 में गुरुद्वारों पर हुए हमलों और मारे गए निर्दोषों के लिए एक बूंद भी आंसू बहाया था? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या देश की रक्षा में शहीद हुए जवानों और 26/11 के पीड़ितों के लिए उनके आंसू निकले थे?
भाजपा नेताओं के इन हमलावर बयानों पर पलटवार करते हुए कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने याद दिलाया कि बाबरी मस्जिद विध्वंस के समय भले कांग्रेस सरकार में थी, लेकिन उस घटना का गहरा दुख भाजपा नेताओं को भी था. उन्होंने कहा कि लालकृष्ण आडवाणी और अटल बिहारी वाजपेयी ने भी कहा था कि वे नहीं चाहते थे कि ऐसा कुछ हो.
खुर्शीद ने सलाह दी कि भाजपा नेताओं को पहले यह किताब पढ़कर समझनी चाहिए, ना कि तुरंत चिल्लाना शुरू कर देना चाहिए.
2004 में प्रधानमंत्री पद ठुकराने के दावे पर सवाल
किताब में सोनिया गांधी द्वारा 2004 में प्रधानमंत्री का पद ठुकराने के दावे पर भी सवाल उठने लगे हैं. जनता दल (यूनाइटेड) के सांसद संजय कुमार झा ने दावा किया कि समाजवादी पार्टी के नेता मुलायम सिंह यादव ने सोनिया के नाम का समर्थन करने से मना कर दिया था, जिसके चलते वे प्रधानमंत्री नहीं बन सकी थीं.
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि तत्कालीन राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने सोनिया गांधी के विदेशी मूल के कारण उन्हें प्रधानमंत्री पद की शपथ दिलाने से इनकार कर दिया था, जिसे बाद में सोनिया के इस्तीफे का रूप दे दिया गया. वहीं भाजपा सांसद राहुल सिन्हा ने कहा कि इस किताब से कोई फर्क नहीं पड़ने वाला और इसे कोई नहीं पढ़ेगा.
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का करारा हमला
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने इस संस्मरण पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सोनिया गांधी का असली चेहरा सामने आ गया है और उनके आंसू केवल मुस्लिम वोटों के लिए बहते हैं.
उन्होंने कहा कि बाबरी मस्जिद, बटला हाउस और अफजल गुरु की फांसी पर आंसू बहाने वाली सोनिया गांधी के आंसू तब सूख जाते हैं जब पाकिस्तानी आतंकवादी भारतीयों पर गोलियां चलाते हैं या नक्सली सैनियों और सनातनियों का नरसंहार करते हैं.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सोनिया गांधी से नजरें न मिलाने के संस्मरण के दावे पर चुटकी लेते हुए गिरिराज सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री देश और पाकिस्तान जैसे दुश्मनों की आंखों में आंखें डालकर बात करते हैं.
आपातकाल के लिए संजय गांधी को जिम्मेदार बताने पर चर्चा
इस बीच, राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के नेता के.सी. त्यागी ने कहा कि इस संस्मरण ने एक बार फिर पारिवारिक विवादों को सामने ला दिया है, क्योंकि सोनिया गांधी ने आपातकाल के लिए इंदिरा गांधी के बजाय संजय गांधी को जिम्मेदार ठहराया है.
त्यागी ने कहा कि आपातकाल के दौर में यह चर्चा आम थी कि संजय गांधी, ओम मेहता, सिद्धार्थ शंकर राय और बंसी लाल वे चार लोग थे जो किसी समझौते के पक्ष में नहीं थे और जिनकी जिद के कारण देश पर आपातकाल थोपा गया था.