आर्थिक प्रहार से पंगु हुआ ईरान, बड़े सैन्य हमले की ज़रूरत नहीं: मार्को रुबियो
आर्थिक प्रतिबंधों के भारी दबाव में ईरान; विदेश मंत्री मार्को रुबियो का दावा- बिना सैन्य हमलों के ही हासिल हो रहे हैं अमेरिका के रणनीतिक लक्ष्य.
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने मंगलवार को 'जी-7' (G7) सहयोगी देशों के साथ बैठक के बाद बड़ा बयान दिया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान के खिलाफ अमेरिकी आर्थिक प्रतिबंध और समुद्री नाकाबंदी इतनी प्रभावी साबित हो रही है कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को वहां किसी बड़े सैन्य अभियान को अंजाम देने की आवश्यकता महसूस नहीं हो रही है.
फ्रांस की राजधानी पेरिस में जी-7 देशों के प्रतिनिधियों के साथ दो दिनों तक चली उच्च स्तरीय वार्ता के बाद पत्रकारों से बात करते हुए रुबियो ने उन दावों को सिरे से खारिज कर दिया, जिनमें कहा जा रहा था कि सैन्य कार्रवाई न करने से स्थिति गतिरोध या यथास्थिति में बदल जाएगी.
मार्को रुबियो ने कहा, "ईरान जिस अभूतपूर्व आर्थिक तंगी को झेल रहा है, वह बेहद गंभीर है और यह दिन-ब-दिन बढ़ती ही जा रही है. इतिहास में ईरान ने वैश्विक बाजार में ऊर्जा बेचने में ऐसी लाचारी का सामना कभी नहीं किया था, जैसा वह आज कर रहा है." उन्होंने यह भी जोड़ा कि मध्य पूर्व के क्षेत्रीय सहयोगियों ने भी व्हाइट हाउस को इस मूल्यांकन की पुष्टि की है.
रुबियो ने जोर देकर कहा कि यदि आर्थिक दबाव और रणनीतिक साधनों के जरिए वही उद्देश्य हासिल किए जा रहे हैं, तो सीधे सैन्य हमलों की कोई जरूरत नहीं है और इसे किसी भी हाल में गतिरोध नहीं माना जा सकता.
इससे पहले सोमवार को राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मध्य पूर्व के देशों, विशेष रूप से कतर के प्रधानमंत्री के साथ व्हाइट हाउस में हुई चर्चा और उनकी अपीलों के बाद ईरान पर नए सैन्य हमले फिलहाल के लिए रोकने की घोषणा की थी.
दूसरी तरफ, अमेरिका की आंतरिक राजनीति में भी इस विषय पर मंथन जारी है. राष्ट्रपति ट्रंप ने खुद स्वीकार किया था कि हाल ही में संपन्न हुए मध्यावधि कांग्रेस चुनावों में रिपब्लिकन पार्टी को मिली हार का एक कारण ईरान युद्ध भी था.
वहीं, दो साल बाद ट्रंप का कार्यकाल खत्म होने पर उनके संभावित उत्तराधिकारी के रूप में देखे जा रहे उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने और अधिक आक्रामक रुख अपनाते हुए स्पष्ट कहा, "हमारी हार का असली कारण यह युद्ध ही है."