जीएसटी छूट से चीजें सस्ती- मोदी
गुवाहाटी | डेस्क: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीएसटी (गुड्स एंड सर्विसेज़ टैक्स) में होने वाले बदलावों पर कहा कि आने वाले दिनों में जीएसटी की दरें बहुत कम हो जाएंगी, जिससे रोज़मर्रा की चीज़ें सस्ती हो जाएंगी.
पीएम मोदी रविवार को असम दौरे पर हैं. दरंग में एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जीएसटी में नेक्स्ट जेनरेशन रिफ़ॉर्म होगा.
प्रधानमंत्री ने कहा, "आज मैं इस रिफ़ॉर्म की ख़ुशख़बरी के साथ आपके बीच आया हूं. आज से ठीक नौ दिन बाद नवरात्रि का पहला दिन होगा, जीएसटी की दरें बहुत कम हो जाएंगी. इससे असम के, देश के हर परिवार को फ़ायदा होगा. रोज़मर्रा की बहुत सारी चीज़ें और सस्ती हो जाएंगी."
उन्होंने कहा, "अनेक दवाएं सस्ती हो जाएंगी. बीमा कराना सस्ता हो जाएगा. और जिन नौजवानों को मोटर साइकिल लेनी है या नई कार ख़रीदनी है, वो भी सस्ती हो जाएंगी. माताओं, बहनों, नौजवानों, किसानों, दुकानदारों, सबका फ़ायदा होने वाला है."
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने तीन सितंबर की रात घोषणा की थी कि जीएसटी की 12 फ़ीसदी और 28 फ़ीसदी दरों के स्लैब को ख़त्म कर दिया गया है. इनकी जगह पर 5 फ़ीसदी और 18 फ़ीसदी की दो नई दरों को लेकर आम सहमति बनी है.