शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

आतंकियों के ठिकाने 22 मिनट में ध्वस्त- पीएम मोदी

C

CG Khabar

21 जुल. 2025, 06:50 AM 3 मिनट में पढ़ें 3

पीएम मोदी
पीएम मोदी

नई दिल्ली । डेस्क: संसद के मॉनसून सत्र शुरू होने से पहले प्रधानमंत्री मोदी ने सोमवार को मीडिया को संबोधित करते हुए भारत की सैन्य ताकत और ऑपरेशन सिंदूर की अभूतपूर्व सफलता की सराहना की. उन्होंने इस सत्र को 'विजयोत्सव' करार देते हुये कहा कि यह भारत के लिए गर्व का अवसर है. मॉनसून सत्र 21 जुलाई से शुरू होकर 21 अगस्त तक चलेगा.


प्रधानमंत्री ने कहा कि मॉनसून का मौसम न केवल कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है, बल्कि यह देश की समग्र अर्थव्यवस्था और प्रत्येक परिवार के लिये भी लाभकारी है. उन्होंने बताया कि इस बार मॉनसून की प्रगति संतोषजनक है, जिससे किसानों और अर्थव्यवस्था को बल मिलेगा.

विज्ञापन


प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुये आतंकी हमले के जवाब में शुरू किये गये ऑपरेशन सिंदूर की प्रशंसा की. उन्होंने कहा, "भारत की सैन्य शक्ति ने पूरी दुनिया को अपनी ताकत दिखाई है. ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेना ने 100% लक्ष्य हासिल किया. आतंकियों के आकाओं के ठिकाने महज 22 मिनट में ध्वस्त कर दिये गये." उन्होंने यह भी बताया कि विश्व समुदाय में 'मेड इन इंडिया' हथियारों की मांग बढ़ रही है.


पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर भारत का झंडा फहराये जाने को गर्व का क्षण बताया. उन्होंने कहा, "यह उपलब्धि हमारे भविष्य के मिशनों के लिये प्रेरणा बनेगी. सभी सांसद और देशवासी एक स्वर में इस गौरव को सराहेंगे."


प्रधानमंत्री ने देश की आर्थिक प्रगति पर भी प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि 2014 से पहले भारत 'फ्रैजाइल फाइव' में था, लेकिन आज यह दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर तेजी से बढ़ रहा है. उन्होंने बताया कि मुद्रास्फीति की दर 2014 से पहले दोहरे अंकों में थी, जो अब लगभग 2% तक कम हो गई है. इसके अलावा, 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आये हैं, जिसे वैश्विक संस्थानों ने भी सराहा है.


नक्सलवाद के खिलाफ चल रही लड़ाई पर बोलते हुए पीएम ने कहा कि सुरक्षा बल नई ऊर्जा और आत्मविश्वास के साथ नक्सलवाद को खत्म करने की दिशा में बढ़ रहे हैं. कई जिले अब नक्सलवाद से मुक्त हो चुके हैं, और 'रेड कॉरिडोर' अब 'ग्रीन ग्रोथ ज़ोन' में बदल रहे हैं.


पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सभी दलों के सांसदों ने एकजुट होकर विश्व मंच पर पाकिस्तान को आतंकवाद के समर्थक के रूप में बेनकाब किया. पीएम मोदी ने सभी दलों की इस पहल की सराहना करते हुये कहा, "राष्ट्रीय हित में यह एक महत्वपूर्ण कदम था, जिसने देश में सकारात्मक माहौल बनाया."

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP