शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

हल्दिया में पीएम मोदी: अबकी बार टीएमसी की विदाई तय

C

CG Khabar

09 अप्रै. 2026, 07:59 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

पीएम मोदी
पीएम मोदी

कोलकाता । डेस्क: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हल्दिया में एक जनसभा को संबोधित करते हुए तृणमूल कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला. प्रधानमंत्री ने राज्य की वर्तमान स्थिति को 'कुशासन' करार देते हुए कहा कि पूरे बंगाल में अब बदलाव की लहर चल रही है और ममता सरकार की विदाई अब सुनिश्चित है. 


उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा कि जहां एक ओर पूरा देश तेजी से विकास कर रहा है, वहीं इस 'निर्मम' सरकार ने बंगाल को विकास की दौड़ में पीछे धकेल दिया है, जिसका उदाहरण हल्दिया के बंद होते कारखाने हैं.


पिछले चुनावों का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जिस तरह नंदीग्राम ने परिवर्तन का रास्ता दिखाया था, इस बार वही क्रांति भवानीपुर और पूरे बंगाल में दोहराई जाएगी. 


उन्होंने 'डबल इंजन' सरकार पर जोर देते हुए कहा कि जब केंद्र और राज्य मिलकर काम करेंगे, तभी बंगाल का असली भला होगा. मोदी ने वादा किया कि भाजपा सरकार संविधान के अनुरूप काम करेगी और हर नागरिक को उसका अधिकार दिलाएगी यही 'मोदी की गारंटी' है.


युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने टीएमसी पर रोजगार के नाम पर धोखा देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में नियमित 'रोजगार मेला' आयोजित होता है और बंगाल में सत्ता में आते ही युवाओं के लिए ऐसे ही अवसर पैदा किए जाएंगे. 


पीएम मोदी ने चुनाव आयोग के साथ टीएमसी के टकराव और मालदा की हालिया घटना पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी का हवाला देते हुए कहा कि यह सरकार की हताशा को दर्शाता है. 


उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार केंद्र की योजनाओं का नाम बदलकर अपनी वाहवाही लूट रही है और वर्षों से जनता को गुमराह कर रही है. दक्षिण बंगाल से शुरू हुआ यह प्रचार अभियान राज्य की राजनीति में एक निर्णायक मोड़ माना जा रहा है. File Photo

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP