सोम, 19 अक्टू. 2026

CGKhabar

ईरानी परमाणु कार्यक्रम सुरक्षित- पेंटागन

C

CG Khabar

25 जून 2025, 02:35 AM 3 मिनट में पढ़ें 5

पेंटागन
पेंटागन

नई दिल्ली । डेस्क: अमरीकी रक्षा मंत्रालय के मुख्यालय पेंटागन की लीक रिपोर्ट के हवाले से खबर है कि ईरानी परमाणु कार्यक्रम नष्ट नहीं हुआ है. जबकि अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर बमबारी के बाद दावा किया था कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को तबाह कर दिया गया है. उधर, राष्ट्रपति ट्रंप ने इसे फेक न्यूज बताया है.


बीबीसी के अमरीकी सहयोगी सीबीएस को पेंटागन की रक्षा खुफिया एजेंसी के मूल्यांकन से जुड़े सूत्रों ने बताया कि शनिवार के बम हमलों में ईरान का समृद्ध यूरेनियम भंडार तबाह नहीं हुआ है. सीएनएन तथा न्यूयार्क टाइम्स ने भी इसी तरह की रिपोर्ट प्रकाशित की है. खबर है कि ईरान ने अपने समृद्ध यूरेनियम को पहले ही वहां से हटा दिया था.

विज्ञापन


बीबीसी ने इस पर रक्षा मंत्रालय से प्रतिक्रिया मांगी है. बीबीसी को मिले जवाब में बताया गया है कि जो इन हमलों को विनाशकारी नहीं बता रहे हैं, वो बस राष्ट्रपति और इस सफल अभियान को कमज़ोर करने की कोशिश कर रहे हैं.


अमरीका ने शनिवार को ईरान के फ़ोर्दो, नतांज़ और इस्फ़हान पर ऐसे बमों से हमला किया था जो जमीन के भीतर 61 मीटर तक जाकर विस्फोट करने की क्षमता रखते हैं. लेकिन खुफिया सूत्रों का कहना है कि केवल ऊपर के ईमारत तबाह हुये हैं.


सूत्रों का कहना है कि इससे जरूर ईरान का परमाणु कार्यक्रम कुछ माह पीछे चला गया है लेकिन इसे जल्द ही ठीक कर लिया जायेगा. ईरान के सरकारी टीवी के एक अधिकारी ने बताया था कि ये ठिकाने पहले ही खाली करा लिये गये थे और ईरान को कोई बड़ा नुक़सान नहीं हुआ.


अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रिपोर्टो को फेक करार दिया है तथा सोशल मीडिया में लिखा है, "सीएनएन और न्यूयॉर्क टाइम्स फ़ेक न्यूज़ फैला रहे हैं. दोनों मिलकर इतिहास के सबसे सफल सैन्य हमलों में से एक को बदनाम करने की कोशिश कर रहे हैं. ईरान के परमाणु ठिकाने पूरी तरह तबाह हो चुके हैं! जनता दोनों को यानी न्यूयॉर्क टाइम्स और सीएनएन को जमकर आड़े हाथों ले रही है."


बीबीसी ने इस घटनाक्रम पर रक्षा मंत्रालय से प्रतिक्रिया मांगी है. पेंटागन ने बीबीसी को अमरीकी रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ का बयान दिया है.


बयान के मुताबिक़, "मैंने सब कुछ देखा है, उसके आधार पर कह सकता हूं कि हमारे हमलों ने ईरान की परमाणु हथियार बनाने की क्षमता को पूरी तरह ख़त्म कर दिया है. हमारे बड़े बम हर ठिकाने पर बिल्कुल सही जगह पर लगे और अपना काम पूरी तरह किया. उन बमों का असर अब ईरान में मलबे के पहाड़ के नीचे दबा है. जो भी कहता है कि ये हमले विनाशकारी नहीं थे, वो बस राष्ट्रपति और इस सफल अभियान को कमज़ोर करने की कोशिश कर रहा है."


इ दावों तथा प्रति दावों के बीच ईरान का परमाणु कार्यक्रम कितना सुरक्षित रहा है यह भविष्य के गर्भ में है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP