पेंड्रा-गौरेला मार्ग: टाटा मैजिक की टक्कर से युवक की मौत
पेंड्रा । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग पर पेंड्रा नगर पालिका क्षेत्र स्थित नए बस स्टैंड के पास एक भीषण हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. यह दुर्घटना विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार टाटा मैजिक वाहन और मोटरसाइकिल की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के कारण हुई. टक्कर इतनी भयानक थी कि युवक के सिर पर गंभीर चोटें आईं.
हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौका पाकर टाटा मैजिक का चालक वाहन छोड़कर वहां से फरार हो गया.
मृतक की पहचान ज्योतिपुर निवासी आशीष माइकल के रूप में हुई है, जो रिवॉल्विंग चेयर रिपेयरिंग का काम करता था. घटना के समय आशीष पेंड्रा में एक दुकान से कुर्सी मरम्मत का कार्य संपन्न कर अपनी बाइक से वापस घर लौट रहा था. जैसे ही वह नया बस स्टैंड पार कर रहा था, तभी सामने से आ रही मैजिक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया.
स्थानीय लोगों व पुलिस की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार वाहन चालक की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है.
इस दुखद घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है, वहीं स्थानीय नागरिकों का गुस्सा शासन-प्रशासन और लोक निर्माण विभाग (PWD) पर फूट पड़ा है. निवासियों का आरोप है कि पेंड्रा-गौरेला मुख्य मार्ग की जर्जर हालत के कारण आए दिन जानलेवा हादसे हो रहे हैं, लेकिन सुधार के कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं.
इसके साथ ही पेंड्रा बाईपास का निर्माण कार्य अधर में लटके होने पर भी कड़ा विरोध जताया गया. लोगों का कहना है कि शेष बजट स्वीकृत न होने से बाईपास का काम ठप पड़ा है, यदि यह समय पर पूरा हो जाता तो मुख्य सड़क पर भारी वाहनों का दबाव कम होता और इस तरह की अकाल मौतों को रोका जा सकता था.