संसद, गुजरात जिमखाना क्लब नहीं है- डेरेक ओ'ब्रायन
नई दिल्ली । डेस्क: 16 से 18 अप्रैल तक चलने वाले संसद के विशेष सत्र से पहले राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डेरेक ओ'ब्रायन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोलते हुए उन पर संसद का मजाक उड़ाने और चुनाव से पहले "राजनीतिक नाटक" करने का आरोप लगाया है.
ओ'ब्रायन ने एक बयान में कहा, "अमित और नरेंद्र, यह गुजरात जिमखाना क्लब नहीं है. संसद और देश की जनता का मजाक उड़ाना बंद करें." उन्होंने आगामी बंगाल और तमिलनाडु चुनावों का जिक्र करते हुए केंद्र की मंशा को "कुटिल" करार दिया.
यह विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब केंद्र सरकार विशेष सत्र के दौरान महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े महत्वपूर्ण विधेयकों को पेश करने की तैयारी में है.
प्रधानमंत्री मोदी ने लोकसभा और राज्यसभा के फ्लोर लीडर्स को पत्र लिखकर 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' को लागू करने के लिए समर्थन मांगा है.
पीएम ने पत्र में स्पष्ट किया कि समय आ गया है कि इसे वास्तविक रूप में लागू किया जाए ताकि 2029 के लोकसभा और विधानसभा चुनावों में महिलाओं को आरक्षण का लाभ मिल सके.
प्रस्तावित योजना के अनुसार, केंद्रीय कैबिनेट ने उन ड्राफ्ट बिलों को मंजूरी दे दी है जो लोकसभा सीटों की संख्या 543 से बढ़ाकर 816 करेंगे. इसमें 273 सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित होंगी.
इसके साथ ही दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और पुदुचेरी जैसे केंद्र शासित प्रदेशों में भी आरक्षण ढांचा लागू करने के लिए संविधान संशोधन और परिसीमन अधिनियम में बदलाव की तैयारी है. विपक्ष इन कदमों को चुनाव से प्रेरित बता रहा है, जबकि सरकार इसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम मान रही है.