पाक ड्रोंस की भारतीय सीमा में घुसपैठ: J&K के 3 सेक्टरों में तलाशी अभियान
जम्मू । डेस्क: जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) पर रविवार शाम को पाकिस्तान की ओर से संदिग्ध ड्रोंस की घुसपैठ की कई घटनाएं सामने आई हैं. सुरक्षा बलों ने सांबा, राजौरी और पुंछ सेक्टरों में अलग-अलग समय पर इन उड़ने वाली संदिग्ध वस्तुओं को देखा, जिसके बाद पूरे इलाके में सुरक्षा घेरा कड़ा कर दिया गया है.
सीमा सुरक्षा बल के सूत्रों के मुताबिक, शाम करीब 6:35 बजे नौशेरा सेक्टर के गनिया-कालसन गांव के ऊपर एक ड्रोन मंडराता हुआ पाया गया. मुस्तैद जवानों ने उसे देखते ही फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद वह वापस पाकिस्तानी सीमा की ओर भाग निकला.
घुसपैठ की यह कोशिश केवल एक सेक्टर तक सीमित नहीं रही. उसी समय राजौरी के खाबर गांव और पुंछ के सीमावर्ती इलाकों में भी संदिग्ध ड्रोन देखे गए.
शाम सवा सात बजे के करीब सांबा जिले के रामगढ़ सेक्टर में भी एक उड़ती हुई वस्तु दिखाई दी.
सेना और पुलिस की संयुक्त टीम अब उन इलाकों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चला रही है जहाँ इन ड्रोंस के उतरने या सामान गिराने की आशंका है.
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि आतंकी इन ड्रोंस का इस्तेमाल हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए कर रहे हैं.
गौरतलब है कि पिछले शुक्रवार को भी सांबा सेक्टर में एक पाकिस्तानी ड्रोन से दो पिस्तौल, तीन मैगजीन और एक ग्रेनेड बरामद किया गया था, जिसके चलते सीमावर्ती गांवों में हाई अलर्ट जारी है.
Symbolic Photo