पाकिस्तान: पंजाब में भीषण फैक्ट्री विस्फोट, 15 लोगों की मौत
इस्लामाबाद । डेस्क: पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में शुक्रवार को एक गोंद बनाने वाली फैक्ट्री में भयानक विस्फोट हो गया, जिससे कम से कम 15 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं. आशंका है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है.
यह दुर्घटना आज सुबह पंजाब प्रांत के मलिकपुर इलाके में हुई. फैक्ट्री के कर्मचारियों ने बताया कि पहले गैस रिसाव हुआ, जिसके बाद फैक्ट्री में अचानक आग लग गई. इसके तुरंत बाद एक प्रचंड आवाज के साथ बॉयलर फट गया, जिससे 15 लोगों की मौत हो गई.
विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि फैक्ट्री की छत का एक हिस्सा ढह गया और आसपास के कई घर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं. घटना के बाद इलाके में भारी दहशत फैल गई है.
पुलिस ने पुष्टि की है कि मारे गए सभी लोग स्थानीय निवासी थे. उन्होंने बताया कि दुर्घटना के सही कारणों की जांच के लिए एक टीम का गठन किया गया है. घटनास्थल पर युद्धस्तर पर बचाव कार्य जारी है और मलबे के नीचे दबे अन्य पीड़ितों की तलाश की जा रही है.
इस बीच, कई कर्मचारियों ने फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं. उनका आरोप है कि प्रबंधन द्वारा सही समय पर उचित कार्रवाई न करने के कारण ही यह बड़ी दुर्घटना हुई.