रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

गोवा अग्निकांड के मालिक दिल्ली एयरपोर्ट पर गिरफ्तार

C

CG Khabar

17 दिस. 2025, 02:22 AM 2 मिनट में पढ़ें 3

लूथरा ब्रदर्स गिरफ्तार
लूथरा ब्रदर्स गिरफ्तार

नई दिल्ली । डेस्क: गोवा के बागा बीच पर स्थित नाइट क्लब 'बर्च बाय रोमियो लेन' में 6 दिसंबर की मध्यरात्रि को हुए भीषण अग्निकांड के मामले में बड़ी सफलता मिली है. इस हादसे में 25 लोगों की मौत हो गई थी. आग लगने के कुछ ही घंटों बाद देश छोड़कर भागने वाले नाइट क्लब के दो मालिक, सौरभ और गौरव लूथरा, को आखिरकार भारत वापस लाया गया और दिल्ली एयरपोर्ट पर गोवा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया.


जांच में पता चला था कि दोनों भाई इंडिगो की उड़ान से उसी रात थाईलैंड भाग गए थे. उन्हें वापस लाने के लिए तत्काल प्रक्रिया शुरू की गई. गोवा पुलिस ने इंटरपोल से संपर्क साधा, जिसके बाद लुथरा भाइयों के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी किया गया. गोवा पुलिस ने लुक आउट सर्कुलर (LOC) भी जारी किया. 

विज्ञापन


इस बीच, बैंकॉक में भारतीय दूतावास ने थाईलैंड के अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया, जिन्होंने पूरा सहयोग किया. सबसे पहले दोनों आरोपियों के पासपोर्ट और वीजा रद्द किए गए. इसके बाद 9 दिसंबर को थाईलैंड के आव्रजन विभाग ने उन्हें फुकेत के एक होटल से हिरासत में ले लिया.


भारत सरकार तभी से लुथरा भाइयों के प्रत्यर्पण के प्रयास में थी. दो दिन पहले ही थाईलैंड के अधिकारियों की ओर से प्रत्यर्पण के लिए हरी झंडी मिली. मंजूरी मिलने के बाद मंगलवार सुबह उन्हें बैंकॉक एयरपोर्ट लाया गया. इसके बाद इंडिगो की फ्लाइट से लुथरा भाइयों को भारत वापस लाया गया. 


दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते ही, LOC की शर्तों के तहत उन्हें तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया. अब उन्हें दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया जाएगा. पुलिस सूत्रों के मुताबिक, उनसे पूछताछ के लिए हिरासत की मांग की जाएगी.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP