शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

गणतंत्र दिवस पर सीएम साय का एलान नक्सलमुक्त होगा छत्तीसगढ़

C

CG Khabar

26 जन. 2026, 07:36 AM 2 मिनट में पढ़ें 1

सीएम साय
सीएम साय

बिलासपुर । संवाददाता: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर बिलासपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में तिरंगा फहराया. उन्होंने प्रदेशवासियों को संबोधित करते हुए विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का संकल्प दोहराया. 


मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रदेश की सुरक्षा में तैनात जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए छत्तीसगढ़ पुलिस बल को राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ का पदक देने की घोषणा की और शहीद जवानों के परिजनों को सम्मानित किया. 


अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में संचालित निर्णायक अभियानों के चलते मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ को पूरी तरह से नक्सलमुक्त करने का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा. उन्होंने बताया कि 'नियद नेल्ला नार' योजना और 'बस्तर कैफे' जैसी पहलों से बस्तर के सुदूर अंचलों में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हो रही हैं.


मुख्यमंत्री ने राज्य की आर्थिक प्रगति का ब्यौरा देते हुए कहा कि आज छत्तीसगढ़ का किसान देश में धान का सर्वाधिक मूल्य प्राप्त कर रहा है और पिछले दो वर्षों में किसानों के खातों में 1.5 लाख करोड़ रुपये अंतरित किए गए हैं. 


प्रधानमंत्री आवास योजना के क्रियान्वयन में छत्तीसगढ़ देश में अग्रणी है, जहाँ प्रतिदिन औसतन 2 हजार मकानों का निर्माण हो रहा है. इसके साथ ही उन्होंने महतारी वंदन योजना के तहत 70 लाख महिलाओं को प्रतिमाह दी जा रही आर्थिक सहायता और प्रदेश में 15 मेडिकल कॉलेजों की उपलब्धि का भी जिक्र किया. 


मुख्यमंत्री ने औद्योगिक प्रगति पर जोर देते हुए बताया कि नई नीति के तहत 7.83 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले हैं और नवा रायपुर को एआई (AI) तथा आईटी हब के रूप में विकसित किया जा रहा है. 


कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय लक्ष्मण मस्तूरिया की कविताओं के माध्यम से प्रदेश की जनता से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP