ओडिशा: नाबालिग को जिंदा जलाने की कोशिश
भुवनेश्वर । डेस्क: ओडिशा के पुरी जिले में एक दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है. तीन बदमाशों ने 15 साल की एक लड़की पर पेट्रोल डालकर उसे आग लगाने की कोशिश की.
यह घटना तब हुई जब लड़की अपने दोस्त के घर जा रही थी. गंभीर रूप से झुलसी लड़की को भुवनेश्वर के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. इस घटना ने पूरे राज्य में गुस्सा और आक्रोश फैला दिया है.
मिली जानकारी के अनुसार पुरी के बायाबार गांव में हुई इस घटना में तीन बदमाशों ने लड़की को रोका और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. हमलावर मौके से फरार हो गये.
स्थानीय लोगों ने तुरंत आग बुझाकर लड़की को अस्पताल पहुंचाया. पुरी के जिला मजिस्ट्रेट चंचल राणा ने बताया कि प्रशासन पीड़िता के इलाज के लिये वित्तीय मदद देगा और पुलिस दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी.
ओडिशा के उपमुख्यमंत्री प्रवति परिदा ने इस घटना पर दुख जताते हुए कहा कि लड़की के इलाज का पूरा खर्च सरकार उठायेगी. पुलिस को आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के निर्देश दिये गये हैं. जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं.
पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इस घटना की कड़ी निंदा की और राज्य में महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर सरकार को आड़े हाथों लिया.
उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं अब ओडिशा में आम हो रही हैं, जो सरकार की नाकामी को दर्शाता है. बीजद और कांग्रेस नेताओं ने पीड़िता के परिवार से मुलाकात कर उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की.