महानदी जल विवाद सुलझाने पर ओडिशा–छत्तीसगढ़ सहमत
नई दिल्ली । डेस्क: ओडिशा और छत्तीसगढ़ ने लंबे समय से चले आ रहे महानदी नदी जल विवाद को आपसी सहमति से सुलझाने की इच्छा जताई है. केंद्रीय जल संसाधन मंत्री (जल शक्ति) राज भूषण चौधरी ने गुरुवार को संसद में लिखित जवाब में यह जानकारी दी. यह जवाब ओडिशा के सांसद प्रदीप पुरोहित द्वारा महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण (MWDT) से जुड़े प्रश्न पर दिया गया.
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि दोनों राज्यों ने न्यायाधिकरण के समक्ष यह स्पष्ट किया है कि वे विवाद का सौहार्दपूर्ण और परस्पर स्वीकार्य समाधान निकालना चाहते हैं. इसके लिए विभिन्न स्तरों पर बातचीत जारी है, ताकि सहमति के आधार पर विवाद का निपटारा हो सके.
अब तक महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण में इस मामले की कम से कम 49 सुनवाई हो चुकी हैं और साक्ष्य दर्ज किए जा चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई अंतरिम रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं की गई है. मंत्री ने यह भी बताया कि न्यायाधिकरण का वर्तमान कार्यकाल 13 अप्रैल को समाप्त होने वाला है.
यह पहल सहकारी संघवाद की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है, जहां दोनों राज्य अदालतों में लंबी कानूनी लड़ाई के बजाय संवाद के जरिए अंतर-राज्यीय जल बंटवारे के संवेदनशील मुद्दे को सुलझाने की कोशिश कर रहे हैं.
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 23 जनवरी को ओडिशा के लोक सेवा भवन में उपमुख्यमंत्री के.वी. सिंह देव की अध्यक्षता में महानदी जल विवाद को लेकर एक उच्चस्तरीय बैठक हुई थी. बैठक में राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी, कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन और मुख्य सचिव अनु गर्ग सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे.
बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में राजस्व मंत्री सुरेश पुजारी ने बीजू जनता दल (बीजेडी) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि महानदी जल विवाद न्यायाधिकरण की प्रक्रिया में देरी बीजेडी शासनकाल के दौरान हुई. उन्होंने कहा था कि पिछले 24 वर्षों के शासन में छत्तीसगढ़ में बनाए गए बैराजों का समय रहते प्रभावी विरोध नहीं किया गया, जिससे यह विवाद गहराया.