आतंकवाद पर न दोहरा रवैया, न समझौता- PM मोदी
नई दिल्ली । डेस्क: मलेशिया दौरे पर पीएम मोदी ने आतंकवाद पर कड़ा प्रहार किया है. पाकिस्तान के बेबुनियाद आरोपों के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुआलालंपुर से दोटूक शब्दों में कहा कि आतंकवाद के मुद्दे पर भारत का रुख शुरू से ही स्पष्ट रहा है और इस मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मलेशिया पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर स्वयं प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने उनका स्वागत किया. रविवार को द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर चर्चा के दौरान पीएम मोदी ने आतंकवाद का मुद्दा प्रमुखता से उठाया.
उन्होंने कहा, "आतंकवाद को लेकर हमारा संदेश बिल्कुल साफ है, कोई दोहरा मापदंड नहीं और कोई समझौता नहीं." पीएम मोदी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब हाल ही में इस्लामाबाद में हुए आत्मघाती हमले के लिए पाकिस्तान के मंत्री मोहसिन नकवी ने बिना किसी सबूत के भारत पर आरोप लगाए थे.
भारत ने इन दावों को पहले ही 'आधारहीन' बताकर खारिज कर दिया है.
मलेशिया के साथ संबंधों पर चर्चा करते हुए पीएम मोदी ने रक्षा, सुरक्षा और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि भारत और मलेशिया समुद्री पड़ोसी हैं और सांस्कृतिक रूप से गहराई से जुड़े हुए हैं.
मलेशिया में दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी भारतीय मूल की आबादी रहती है. दोनों देशों ने खुफिया जानकारी साझा करने और समुद्री सुरक्षा में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई. साथ ही, इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के महत्व को रेखांकित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भारत इस क्षेत्र के विकास के लिए सभी के साथ मिलकर काम करने को प्रतिबद्ध है.