नीतीश कुमार ने 10वीं बार सरकार बनाने का दावा पेश किया
पटना | संवाददाता: बिहार में नई सरकार गठन की प्रक्रिया तेज़ हो गई है. एनडीए विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार शाम राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान से मुलाक़ात की और सरकार बनाने का दावा पेश किया.
राजभवन पहुंचने के दौरान उनके साथ सम्राट चौधरी, विजय सिन्हा, जीतन राम मांझी, चिराग पासवान, संजय झा, धर्मेंद्र प्रधान, दिलीप जायसवाल, उपेंद्र कुशवाहा सहित एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे.
गुरुवार को सुबह 11:30 बजे पटना के गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होगा, जहां नीतीश कुमार 10वीं बार बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे.
बीजेपी नेता प्रेम कुमार ने कहा,"कल का दिन न सिर्फ हम सभी के लिए, बल्कि बिहार के लोगों के लिए भी ऐतिहासिक होगा. देश भर में लोकप्रिय प्रधानमंत्री भी इस मौके पर मौजूद रहेंगे. बीजेपी शासित कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे और बिहार से लाखों लोगों के पहुंचने की उम्मीद है."
उन्होंने कहा,"शपथ ग्रहण समारोह ऐतिहासिक होगा और आगे चलकर प्रधानमंत्री के विकसित और आत्मनिर्भर बिहार के विज़न को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाएगा."
इससे पहले एनडीए विधायकों की बैठक हुई, जिसमें सर्वसम्मति से नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया.
जेडीयू ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा,"बिहार के विकास के पर्याय और विश्वास के प्रतीक श्री नीतीश कुमार जी को आज सर्वसम्मति से एनडीए विधायक दल का नेता चुना गया. विधानसभा के सेंट्रल हॉल में हुई बैठक में सभी विधायकों ने पूर्ण विश्वास और एकमत सहमति के साथ नीतीश कुमार जी के नाम का अनुमोदन किया."