BJP महिला उम्मीदवार को माला पहनाने से रोका तो नीतीश नाराज़ हो गये
पटना । डेस्क: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले एक चुनावी सभा में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की एक हरकत ने राजनीतिक गलियारों में गरमाहट बढ़ा दी है. मुजफ्फरपुर की औराई विधानसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार रमा निषाद के समर्थन में एक जनसभा के दौरान यह घटना हुई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद विपक्ष ने नीतीश कुमार पर हमला बोल दिया है.
मंगलवार को मंच पर नीतीश कुमार ने भाजपा प्रत्याशी रमा निषाद को बुलाया. निषाद ने उन्हें हाथ जोड़कर प्रणाम किया. इसके बाद मुख्यमंत्री उन्हें बधाई देते हुए माला पहनाने के लिए आगे बढ़े, तभी उनकी ही पार्टी के नेता और जेडीयू सांसद संजय झा ने उनका हाथ पकड़कर उन्हें रोक दिया. झा ने माला निषाद के गले में पहनाने के बजाय उन्हें हाथ में देने का इशारा किया.
अचानक रोके जाने पर नीतीश कुमार ने थोड़ी नाराज़गी ज़ाहिर की और संजय झा को संबोधित करते हुए कहा, "अजीब शख्स हैं आप!" इसके बाद, उन्होंने माहौल को हल्का करते हुए माला निषाद के हाथों से छुआ और फिर उनके गले में पहना दिया.
इस वाकये को देखकर मंच पर मौजूद नेताओं में हंसी-मज़ाक होने लगा. इस पूरी घटना का वीडियो अब सार्वजनिक हो गया है.
चुनाव से ठीक पहले यह वीडियो सामने आते ही विपक्षी दल राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने मुख्यमंत्री पर हमला बोल दिया है. आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना को लेकर नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए उनके मानसिक स्वास्थ्य पर सवाल खड़े किए हैं.
तेजस्वी ने कटाक्ष करते हुए कहा, "अजीब शख्स हैं! मुख्यमंत्री अगर स्वस्थ होते, तो इस तरह का काम करते?" उन्होंने आगे सवाल उठाया कि यह घटना स्पष्ट करती है कि वह मानसिक रूप से कितने स्वस्थ हैं.
गौरतलब है कि बिहार में 6 और 11 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने हैं और मतगणना 14 नवंबर को होगी.