अरुणाचल के बांध पर NHRC ने मांगा जवाब
नई दिल्ली | डेस्क : राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने अरुणाचल प्रदेश के सियांग जिले में प्रस्तावित बांध निर्माण के खिलाफ चल रहे विरोध प्रदर्शन का स्वतः संज्ञान लिया है. बता दें कि स्थानीय निवासी इस बांध के निर्माण का विरोध कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें आशंका है कि इससे बड़े पैमाने पर विस्थापन होगा और क्षेत्र की आजीविका तथा पारिस्थितिकी पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा.
आयोग ने इस मामले को मानवाधिकारों के उल्लंघन से जुड़ा गंभीर मुद्दा मानते हुए अरुणाचल प्रदेश के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी कर दो सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है.
23 मई 2025 को सियांग स्वदेशी किसान मंच के संयोजक और मानवाधिकार कार्यकर्ता के नेतृत्व में बेगिंग गांव में बांध निर्माण के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया, जिसमें लगभग 400 लोगों ने हिस्सा लिया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने सियांग जिले के विभिन्न क्षेत्रों में केंद्रीय सशस्त्र बलों की तैनाती की है.
आयोग ने कहा कि यदि मीडिया रिपोर्ट्स में दिए गए तथ्य सत्य हैं, तो यह मानवाधिकारों के उल्लंघन का गंभीर मामला है. एनएचआरसी ने इस मामले की गहन जांच के लिए त्वरित कार्रवाई की मांग की है, ताकि स्थानीय लोगों की चिंताओं का समाधान किया जा सके.