रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

नया संसद भवन नया PM आवास, गांवो में सरकारी स्कूल क्यों नहीं- CJP

C

CG Khabar

11 अग. 2026, 05:34 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

अभिजीत दिपके
अभिजीत दिपके

नई दिल्ली । डेस्क: कॉकरोच जनता पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके ने ग्रामीण शिक्षा के बुनियादी ढांचे में सुधार के उद्देश्य से 15 अगस्त से एक राष्ट्रव्यापी अभियान शुरू करने का ऐलान किया है. इस पहल के तहत नागरिकों, अभिभावकों और गांव के जनप्रतिनिधियों से सरकारी स्कूलों की स्थिति बेहतर बनाने के लिए एकजुट होने की अपील की गई है. 


दीपके स्वयं महाराष्ट्र के हिंगोली स्थित अपने गांव से इस अभियान की शुरुआत करेंगे और स्थानीय सरपंच से स्कूल की सुविधाएं दुरुस्त करने का अनुरोध करेंगे.

विज्ञापन


दीपके ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रामीण क्षेत्रों की उपेक्षा पर सवाल उठाते हुए कहा कि पिछले 80 वर्षों में गांवों के सरकारी स्कूलों को सबसे अधिक नजरअंदाज किया गया है. उन्होंने कहा कि नए संसद भवन और प्रधानमंत्री आवास का निर्माण तो हो गया, लेकिन किसानों और मजदूरों के बच्चों के लिए आधुनिक स्कूल नहीं बन सके. 


आज भी ग्रामीण इलाकों में बच्चों को बुनियादी सुविधाओं, जैसे स्वच्छ पेयजल और क्रियाशील शौचालयों के बिना लंबी दूरी तय करके पढ़ाई करने जाना पड़ता है, जिससे विशेषकर छात्राओं को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है.


इस अभियान के प्रमुख हिस्से के रूप में 'सरपंच चैलेंज' की शुरुआत की गई है, जिसके अंतर्गत देश भर के सरपंचों को अपने-अपने गांवों के स्कूलों का कायाकल्प करने की चुनौती दी गई है. बेहतर कार्य करने वाले सरपंचों को CJP अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 'बिफोर और आफ्टर' तस्वीरों के साथ सम्मानित करेगी ताकि अन्य जनप्रतिनिधि भी इससे प्रेरणा ले सकें. 


इसके साथ ही, अभिभावकों से स्कूलों का सोशल ऑडिट करने, सुविधाओं की जांच करने और कमियों का वीडियो बनाकर संगठन तक पहुंचाने की अपील की गई है. संगठन इसके लिए जल्द ही एक प्रिंटेबल ऑडिट फॉर्म जारी करेगा.


इसके अलावा, CJP ने झारखंड में भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो और प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई की कड़ी निंदा की है. दीपके ने महतो के संघर्ष का समर्थन करते हुए कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर से लेकर झारखंड तक छात्रों पर इस तरह की पुलिस बर्बरता अमानवीय है और उनकी पार्टी छात्रों की मांगों के साथ मजबूती से खड़ी है.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP