ब्रिटेन में गर्मी का नया रिकॉर्ड
लंदन । डेस्क: ब्रिटेन में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है. बुधवार को देश में जून के महीने का अब तक का सबसे उच्चतम तापमान दर्ज किया गया. बीबीसी की रिपोर्ट के अनुसार, दक्षिणी इंग्लैंड के सरे स्थित चार्लवुड में तापमान 35.7 डिग्री सेल्सियस (96.26 डिग्री फ़ारेनहाइट) तक पहुंच गया, जिसने पिछले कई दशकों के रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है.
मौसम विभाग के आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, इससे पहले जून महीने में सर्वाधिक तापमान का रिकॉर्ड 35.6 डिग्री सेल्सियस था.
यह रिकॉर्ड सबसे पहले साल 1957 में बना था और बाद में 1976 में भी इतना ही तापमान दर्ज किया गया था.
ब्रिटिश मौसम विज्ञान के इतिहास में, जब से 1884 में आधिकारिक तौर पर रिकॉर्ड रखने की शुरुआत हुई है, तब से लेकर अब तक जून के महीने में इतनी अधिक गर्मी कभी नहीं पड़ी.
गौरतलब है कि ब्रिटेन में पिछले कुछ महीनों से मौसम के मिजाज में लगातार तल्खी देखी जा रही है.
इससे पहले मई का महीना भी बेहद गर्म रहा था, जिसने 35.1 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ उस महीने का एक नया रिकॉर्ड बनाया था.
हालांकि, ब्रिटेन के इतिहास का अब तक का सबसे गर्म दिन जुलाई 2022 में दर्ज किया गया था, जब पारा रिकॉर्ड 40.3 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा था. जून में आई इस अचानक गर्मी से जनजीवन प्रभावित हुआ है और लोग इस बेकाबू होते तापमान से राहत पाने के उपाय ढूंढ रहे हैं.