नेतन्याहू ने अपने जिंदा होने का सबूत पेश किया, देखें वीडियो में
यरूशलेम । डेस्क: यरूशलेम के बाहरी इलाके में एक कैफे से जारी हुए ताजा वीडियो में इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू पूरी तरह स्वस्थ और सुरक्षित नजर आए हैं. दरअसल, ईरानी सरकारी मीडिया और सोशल मीडिया पर उनके घायल होने या मारे जाने की अफवाहें तेजी से फैल रही थीं, जिसका जवाब देने के लिए रविवार (15 मार्च, 2026) को नेतन्याहू के आधिकारिक टेलीग्राम अकाउंट से यह वीडियो साझा किया गया.
אומרים שאני מה? צפו >> pic.twitter.com/ijHPkM3ZHZ
वीडियो में प्रधानमंत्री अपने एक सहायक के साथ कॉफी पीते और बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं. जब उनके सहायक ने मौत की अफवाहों के बारे में सवाल किया, तो नेतन्याहू ने हिब्रू स्लैंग का इस्तेमाल करते हुए मजाकिया अंदाज में पलटवार किया. उन्होंने कहा, "मैं कॉफी का दीवाना (डेड) हूं, और आप जानते हैं क्या? मैं अपनी जनता का भी दीवाना हूं."
रॉयटर्स ने कैफे के आंतरिक दृश्यों और रविवार को वहां मौजूद अन्य लोगों द्वारा पोस्ट की गई तस्वीरों के जरिए इस वीडियो की सत्यता और तारीख की पुष्टि की है.
गौरतलब है कि 28 फरवरी को ईरान पर हुए हमलों के बाद से नेतन्याहू सुरक्षा कारणों से मीडिया से सीधे कम ही मिल रहे हैं. इजरायल में युद्ध के कारण लागू आपातकालीन प्रतिबंधों और सार्वजनिक समारोहों पर रोक के बीच यह वीडियो उनकी उपस्थिति और सेहत को लेकर लगाए जा रहे कयासों पर विराम लगाने की एक बड़ी कोशिश माना जा रहा है.
इससे पहले, रविवार को ईरान ने प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू का "पीछा करने और उन्हें मार डालने" की कसम खाई थी.
ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने एक बयान में कहा, "अगर यह बच्चों का हत्यारा अपराधी जिंदा है, तो हम पूरी ताकत से उसका पीछा करते रहेंगे और उसे मार डालेंगे."
यह ऐसे समय में हुआ है जब इजराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध का 16वां दिन है. पिछले महीने अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर संयुक्त हमले किए जाने के बाद यह संघर्ष और बढ़ गया था. इन हमलों में ईरान के 86 वर्षीय सर्वोच्च नेता अली खामेनेई मारे गए थे और पूरे मध्य पूर्व में एक व्यापक संघर्ष छिड़ गया था.