भारत वापस लाए जाएं नेताजी के अवशेष- अनीता बोस
नई दिल्ली । डेस्क: नेताजी सुभाष चंद्र बोस की पुत्री अनीता बोस फाफ ने उनकी 129वीं जयंती के अवसर पर एक भावुक अपील जारी की है. उन्होंने भारत सरकार और देशवासियों से टोक्यो के रेनकोजी मंदिर में रखे नेताजी के अवशेषों को भारत वापस लाने का समर्थन करने का आग्रह किया है.
अनीता बोस फाफ ने अपने बयान में कहा कि नेताजी के लिए 'देशनिकाला' या अपनी मातृभूमि से दूर रहना सबसे कष्टदायक विचार था. उन्होंने खेद जताया कि भारत की आजादी के 78 साल बाद और नेताजी के निधन के 80 साल बाद भी उनके अवशेष विदेशी धरती पर हैं.
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यदि नेताजी जीवित होते, तो वे अपनी मातृभूमि से इस लंबी दूरी को देखकर अत्यंत व्यथित होते.
गौरतलब है कि अनीता बोस फाफ ने 18 अगस्त 1945 को ताइपे में हुए विमान हादसे को ही अपने पिता की मृत्यु का कारण स्वीकार किया है.
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद उनके अवशेषों को टोक्यो ले जाया गया था, जो आज भी वहां सुरक्षित हैं. इससे पहले अगस्त 2025 में भी उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इन अवशेषों को ससम्मान भारत वापस लाने की अपील की थी.