नेपाल में बस 200 मीटर नीचे खाई में गिरी, अब तक 8 शव बरामद
काठमांडू । डेस्क: नेपाल के बैतडी जिले में गुरुवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया, जहां शादी समारोह से लौट रही एक बस अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 200 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिनमें 6 पुरुष और 2 महिलाएं शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, बस बैतडी के पुरचौड़ी नगर पालिका स्थित भवानी से शादी की पार्टी छोड़कर वापस बझांग की ओर लौट रही थी, तभी बड़गांव के पास एक मोड़ पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस प्रशासन ने मिलकर मोर्चा संभाला और अब तक 45 घायल यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया है।
सभी घायलों को इलाज के लिए नजदीकी कोटिला स्वास्थ्य चौकी ले जाया गया है।
मृतकों में से चार की पहचान केशव जोशी (40), अशोक जोशी (13), बसंत जोशी (35) और मोहनदेव भट्ट (60) के रूप में हुई है। घटनास्थल पर अभी भी बचाव कार्य जारी है और हताहतों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।