नेपाल में 83 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या: बिहार के तीन युवक गिरफ्तार
काठमांडू । डेस्क: नेपाल के ललितपुर में एक 83 वर्षीय बुजुर्ग की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने तीन भारतीय नागरिकों को गिरफ्तार किया है. ललितपुर जिला अदालत के आदेश के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में नख्खू जेल भेज दिया गया है.
मृतक की पहचान ललितपुर महानगरपालिका-17, प्रसिद्ध टोल निवासी गरजामन थापा के रूप में हुई है, जो 10 जनवरी से लापता थे. लापता होने के दो दिन बाद उनका शव पास के ही एक कुएं में बोरी के अंदर बंधा हुआ मिला था.
पुलिस जांच के अनुसार, गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी मोहम्मद सद्दाम मंसूरी (23), यूसुफ हवारी (छोटू) और मोहम्मद नोमान (22) बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल निवासी हैं.
ये तीनों मृतक के घर के पास स्थित एक प्लाईवुड फैक्ट्री में काम करते थे. वारदात वाले दिन थापा फैक्ट्री गए थे, जहां आरोपियों ने लूटपाट के इरादे से उनका गला रेतकर हत्या कर दी.
पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने मृतक की अंगूठी चुराने के लिए इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया. पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू और लूटी गई अंगूठी बरामद कर ली है.