NEET Paper Leak: NTA के 47 अधिकारी बर्खास्त
नई दिल्ली । डेस्क: नीट परीक्षा में पेपर लीक विवाद को लेकर राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने अब तक की सबसे सख्त कार्रवाई की है. शुक्रवार को NTA ने अपने 47 अधिकारियों को सेवा से बर्खास्त कर दिया है.
इसके साथ ही गड़बड़ी में शामिल कुछ अधिकारियों के खिलाफ कानूनी और आपराधिक कार्रवाई शुरू करने की तैयारी भी की जा रही है.
यह कदम उच्च शिक्षा सचिव विनीत जोशी के तबादले के ठीक एक दिन बाद उठाया गया है, जिन्हें पंचायती राज मंत्रालय में भेज दिया गया है.
एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार, NTA में बड़े पैमाने पर प्रशासनिक बदलाव किए जा रहे हैं और आने वाले दिनों में कई अन्य सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे.
पेपर लीक और सीबीएसई के डिजिटल मूल्यांकन में हुई गड़बड़ियों के बाद देश भर में छात्रों का गुस्सा चरम पर है. इस बीच, आक्रोशित छात्रों ने नई दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर व्यापक प्रदर्शन शुरू कर दिया है, जिसे देखते हुए प्रशासन पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने का भारी दबाव बना हुआ है.