शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

अगले साल से ऑनलाइन मोड में होगी नीट परीक्षा

C

CG Khabar

29 मई 2026, 02:46 PM 2 मिनट में पढ़ें 1

परीक्षा
परीक्षा

नई दिल्ली । डेस्क: राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने सुप्रीम कोर्ट में हलफनामा दायर कर जानकारी दी है कि अगले साल से नीट-यूजी (NEET-UG) परीक्षा पेन-एंड-पेपर (ऑफलाइन) के बजाय कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) यानी ऑनलाइन मोड में आयोजित की जाएगी. पेपर लीक मामलों की सुनवाई कर रही जस्टिस पी एस नरसिम्हा और आलोक अराधे की पीठ के सामने एनटीए ने यह बयान दिया. 


गौरतलब है कि इस साल 3 मई को हुई नीट परीक्षा में धांधली की शिकायतों के बाद उसे रद्द कर दिया गया था. कोर्ट के 25 मई के आदेश के बाद दाखिल इस हलफनामे में एनटीए ने बताया कि इसरो के पूर्व प्रमुख डॉ. के राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाली उच्च स्तरीय विशेषज्ञ समिति (HLCE) ने परीक्षा को ऑनलाइन मोड में कराने के साथ-साथ इसे कई सत्रों (multi-session) और कई चरणों (multi-stage) में आयोजित करने की सिफारिश की है. 


स्वास्थ्य मंत्रालय और नेशनल मेडिकल कमीशन की सहमति से इसे अगले परीक्षा चक्र से लागू कर दिया जाएगा.


एजेंसी ने अदालत को बताया कि जून 2024 में गठित इस विशेषज्ञ समिति ने अक्टूबर 2024 में केंद्र सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें परीक्षा सुधारों के लिए 101 सिफारिशें की गई थीं. इन सुधारों को समयबद्ध तरीके से लागू करने के लिए नवंबर 2024 में एक हाई-पावर्ड स्टीयरिंग कमेटी (HPSC) भी बनाई गई थी. 


एनटीए ने स्पष्ट किया कि फिलहाल उनके अन्य सभी बड़े एग्जाम ऑनलाइन ही होते हैं, केवल नीट परीक्षा ही ऑफलाइन हो रही थी. 


इसके अलावा, आगामी 21 जून को होने वाली पुनरीक्षा (Re-examination) के लिए सुरक्षा और मजबूत की गई है, जिसमें मल्टी-लेयर ऑथेंटिकेशन और सख्त निगरानी शामिल होगी. 


सुरक्षा को और पुख्ता करने के लिए प्रश्नपत्रों के अनुवाद कार्य में 85 प्रतिशत तक एआई (AI) टूल्स का इस्तेमाल किया जाएगा ताकि मानवीय हस्तक्षेप को कम किया जा सके और गोपनीयता बनी रहे. सरकार और एनटीए इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए सीबीआई जांच में भी पूरा सहयोग कर रहे हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP