शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

मेरा भारत, मेरा योगदान: भाजपा का ईंधन-बिजली खपत आधी करने का अभियान

C

CG Khabar

17 मई 2026, 08:28 AM 2 मिनट में पढ़ें 2

भाजपा
भाजपा

नई दिल्ली । डेस्क: पश्चिम एशिया में जारी ऊर्जा संकट के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर भारतीय जनता पार्टी ने देशव्यापी अभियान ‘मेरा भारत, मेरा योगदान’ की शुरुआत की है. इस जन जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देने, ऊर्जा संरक्षण करने और दैनिक आदतों में बदलाव लाकर सादा जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना है.


इस पहल के तहत देश भर के नागरिकों से ईंधन की बचत करने, सोने की खरीद से बचने, गैर-जरूरी विदेशी यात्राओं को टालने और 'स्वदेशी' उत्पादों को अपनाने का आग्रह किया गया है. 

विज्ञापन


अभियान के प्रभाव के रूप में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने ईंधन बचाने के उपाय शुरू कर दिए हैं. कई नेता अब वीआईपी काफिले को छोटा कर मेट्रो और इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं. एनडीए शासित राज्यों में भी वीआईपी काफिलों के आकार में बड़ी कटौती की गई है.


आम जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं से सप्ताह में कम से कम एक दिन निजी वाहनों का उपयोग न करने और कारपूलिंग या सार्वजनिक परिवहन का लाभ उठाने की अपील की गई है. 


इसके अलावा, ईंधन और बिजली बचाने के लिए ऑनलाइन बैठकों और हफ्ते में 1-2 दिन 'वर्क फ्रॉम होम' नीति लागू करने पर जोर दिया जा रहा है. भाजपा ने देश भर में अपने सभी पार्टी कार्यालयों में बिजली और ईंधन की खपत को 50 प्रतिशत तक कम करने का कड़ा लक्ष्य रखा है.


इस अभियान के माध्यम से नागरिकों से खाद्य तेल की खपत में 10 प्रतिशत की कमी करने और रासायनिक उर्वरकों का उपयोग आधा कर प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया गया है. साथ ही नेताओं के स्वागत कार्यक्रमों में भीड़ कम करने और सादगी अपनाने के निर्देश जारी किए गए हैं.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP