मुंबई: केमिकल लीक से 1 युवक की मौत, 2 की हालत गंभीर
मुंबई । डेस्क: मुंबई के अंधेरी इलाके में एक औद्योगिक परिसर में शनिवार शाम को हुए केमिकल रिसाव (chemical leak) से बड़ा हादसा हो गया. इस घटना में तीन लोग जहरीले धुएं के संपर्क में आए, जिनमें से 20 वर्षीय अहमद हुसैन को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया.
महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (MIDC) क्षेत्र के भांगरवाड़ी स्थित दो-मंजिला इमारत में यह घटना शाम 4:55 बजे हुई. लीक हुए रसायन की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है.
अधिकारी ने बताया कि परिसर के अंदर मौजूद तीन लोगों की हालत जहरीली गैस सूंघने के बाद गंभीर हो गई थी. सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और तीनों को तुरंत होली स्पिरिट अस्पताल ले जाया गया.
अहमद हुसैन को अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत घोषित कर दिया गया, जबकि 28 वर्षीय नौशाद अंसारी और 17 वर्षीय सबा शेख को अस्पताल के गहन चिकित्सा इकाई (ICU) में भर्ती कराया गया है. उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है.
हादसे की जगह पर अभी भी तलाशी अभियान जारी है और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) को भी सतर्क कर दिया गया है.