इटली के स्कूलों में बुर्का और नकाब पर बैन की तैयारी
नई दिल्ली । डेस्क: इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने देश के स्कूलों में धार्मिक पोशाक और विदेशी छात्रों से जुड़े नियमों को कड़ा करने के लिए एक नए विधेयक का ऐलान किया है. इस नए प्रस्ताव के तहत इटली के स्कूलों में बुर्का और नकाब पहनने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा और कक्षाओं में विदेशी छात्रों की अधिकतम संख्या तय की जाएगी.
इसके अलावा, जिन विदेशी छात्रों को इटली की शिक्षा प्रणाली में ढलने में समस्या आ रही है, उनके माता-पिता के लिए इतालवी भाषा सीखना अनिवार्य किया जाएगा.
रोम में अपनी पार्टी 'ब्रदर्स ऑफ इटली' की युवा शाखा के राष्ट्रीय सम्मेलन 'जियोवेन्तु नात्सिओनाले' को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मेलोनी ने कहा कि जो भी इटली में अपना भविष्य बनाना चाहता है, उसे देश की भाषा सीखनी होगी, संस्कृति को समझना होगा और नियमों का सम्मान करना होगा.
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रतिबंध केवल चेहरे को पूरी तरह ढकने वाले बुर्के और नकाब पर लागू होगा, जबकि हिजाब (सिर का स्कार्फ) का इसमें उल्लेख नहीं किया गया है.
मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद इस विधेयक को संसद में पेश किया जाएगा, जहां कानून का रूप लेने के लिए इसे 60 दिनों के भीतर पारित होना आवश्यक होगा. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि आगामी आम चुनाव से पहले मतदाताओं को लुभाने और अपनी लोकप्रिय छवि को मजबूत करने के उद्देश्य से मेलोनी सरकार यह सख्त कदम उठा रही है.