पूरे देश में मानसून सक्रिय, कहीं रेड तो कहीं येलो अलर्ट जारी
पूरे देश में झमाझम बारिश की चेतावनी
नई दिल्ली | डेस्कः दक्षिण-पश्चिम मानसून पूरे देश में सक्रिय हो गया है. इस बार 9 दिन पहले ही मानसून पूरे देश को कवर कर चुका है. आमतौर पर ऐसा 8 जुलाई तक होता है.
मौसम विभाग के अनुसार 30 जून यानी सोमवार को देश के 31 राज्यों में बारिश होगी. उत्तराखंड और झारखंड में रेड अलर्ट जारी किया है. यहां भारी से अति-भारी बारिश का अंदेशा जताया गया है.
वहीं मध्य प्रदेश-राजस्थान समेत 12 राज्यों में तेज बारिश का ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है. इसी तरह छत्तीसगढ़ सहित 17 राज्यों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी और मध्य भारत में झारखंड, ओडिशा, बिहार, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में 5 जुलाई तक अलग-अलग स्थानों पर झमाझम बारिश होने के आसार हैं.
उत्तर-पश्चिम भारत में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में जोरदार बारिश का अनुमान है.
पश्चिम में अगले 7 दिनों तक कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों और गुजरात में, पूर्वोत्तर के अलावा दक्षिण भारतीय राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान है.
पहाड़ी राज्यों में इस बार बारिश आफत बनकर बरस रही है. अब तक बारिश, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाओं में हिमाचल प्रदेश में 30 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है.
इन क्षेत्रों में 1 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना के मद्देनजर लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है.
उत्तराखंड में मौसम विभाग ने भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. सुरक्षा के मद्देनजर चारधाम यात्रा 24 घंटे के लिए स्थगित कर दी गई है.
छत्तीसगढ़ में 5 जून तक झमाझम बारिश
छत्तीसगढ़ मौसम विभाग ने सोमवार को छत्तीसगढ़ के सभी जिलों के लिए बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है.
इस दौरान राज्य के 11 जिलों में भारी बारिश की भविष्यवाणी की है. बाकी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
पिछले 24 घण्टों में राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई है. अधिकांश जिलों में मध्यम से तेज बारिश हुई है. वहीं बलरामपुर जिले के कुछ क्षेत्रों में भारी बारिश हुई है.
दिन भर घने बादल छाने के साथ रूक-रूककर हो रही बारिश के कारण प्रदेश के कई जिलों में लोगों को ठंडक का अहसास भी हुआ. जिसके चलते तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट भी दर्ज की गई है.
इस दौरान राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस और पेण्ड्रारोड में न्यूनतम तापमान 19.7 डिग्री सेल्सियस रहा.
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश भर के कई जगहों में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है. अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में बिजली गिरने और तेज हवा चलने का भी अनुमान है.