मोदी-ट्रंप फोन कॉल: मस्क की मौजूदगी पर भारत का खंडन
नई दिल्ली । डेस्क: भारत सरकार ने शनिवार को उन मीडिया रिपोर्ट्स का खंडन किया है जिनमें दावा किया गया था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच हुई हालिया टेलीफोन बातचीत में एलन मस्क भी शामिल थे. समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि 24 मार्च को हुई यह बातचीत केवल प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच ही सीमित थी.
दरअसल, 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' ने अज्ञात अमेरिकी अधिकारियों के हवाले से खबर प्रकाशित की थी कि ईरान युद्ध के संकट पर चर्चा के दौरान मस्क भी इस कॉल का हिस्सा थे.
न्यूयॉर्क टाइम्स ने इसे एक निजी नागरिक की असामान्य उपस्थिति बताया था.
हालांकि, भारतीय विदेश मंत्रालय ने इन दावों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह बातचीत मुख्य रूप से पश्चिम एशिया की स्थिति पर विचारों के आदान-प्रदान के लिए थी.
गौरतलब है कि 28 फरवरी को ईरान पर सैन्य हमलों की शुरुआत के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहला संवाद था. अमेरिकी मीडिया में मस्क की भागीदारी की खबरों को राष्ट्रपति ट्रंप के साथ उनके बेहतर होते रिश्तों से जोड़कर देखा जा रहा था, लेकिन भारत के आधिकारिक बयान ने फिलहाल इन अटकलों पर विराम लगा दिया है.