शनि, 17 अक्टू. 2026

CGKhabar

एक दशक बाद दिल्ली 'आपदा' से मुक्त हुई-मोदी

नरेंद्र मोदी ने कहा कि आपदा से दिल्ली मुक्त हो गई

C

CG Khabar

08 फ़र. 2025, 03:16 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

मोदी
मोदी

नई दिल्ली | डेस्क :  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद केजरीवाल और कांग्रेस, दोनों पर जम कर निशाना साधा. उन्होंने बीजेपी मुख्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज दिल्ली के लोगों में एक उत्साह है और सुकून है दिल्ली को आपदा से मुक्त करवाने का. मैंने हर दिल्लीवासी को एक पत्र भेजा था और कहा था कि 21वीं सदी में दिल्ली में बीजेपी को सेवा का अवसर दें.


मोदी ने कहा- "मैं दिल्ली के हर परिवारजन को मोदी की गारंटी पर भरोसा करने के लिए दिल्ली के लोगों को सर झुका के नमन करता हूं. दिल्ली ने दिल खोलकर हमें प्यार दिया है."

विज्ञापन


पीएम मोदी ने कहा, "डबल इंजन सरकार दिल्ली का तेजी से विकास करके कर्ज़ चुकाएगी. आज की विजय ऐतिहासिक है. यह सामान्य विजय नहीं है. दिल्ली के लोगों ने आपदा को बाहर कर दिया है. एक दशक की आपदा से दिल्ली मुक्त हुई है."


"आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है. आज अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई आपदा की हार हुई है."


पीएम मोदी ने कहा, "आपदा वाले ये कह कर राजनीति में आए थे कि हम राजनीति बदल देंगे. लेकिन ये कट्टर बेईमान निकले…जिस पार्टी का जन्म ही भ्रष्टाचार खत्म करने के मुद्दे से हुआ वो खुद ही भ्रष्टाचारी निकले. ये दिल्ली के भरोसे के साथ धोखा था. शराब घोटाले ने दिल्ली को बदनाम किया. ऊपर से अहंकार इतना कि जब दुनिया कोरोना से निपट रही थी तो ये शीश महल बना रहे थे. लेकिन अब दिल्ली का जनादेश आ गया है."


पीएम मोदी ने कहा, "मैं गारंटी दे रहा हूं पहले ही सत्र में सीएजी की रिपोर्ट रखी जाएगी. भ्रष्टाचार की जांच होगी और जिसने भी लूटा है उसको वो वापस करना होगा. ये मोदी की गारंटी है."


पीएम मोदी ने कहा, "जनता ने कांग्रेस को भी कड़ा संदेश दिया है. दिल्ली चुनाव में कांग्रेस ने जीरो की डबल हैट्रिक लगाई है. देश की राजधानी में देश की पुरानी पार्टी का 6 बार से खाता नहीं खुल रहा है. ये खुद को पराजय का गोल्ड मेडल दे रहे हैं."


"सच ये है कि लोगों को कांग्रेस पर भरोसा नहीं है. कांग्रेस खुद तो डूबती है, ये अपने साथियों को भी डुबो देती है."

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP