मॉडल त्विशा शर्मा की मौत आत्महत्या, पति और सास के खिलाफ दाखिल की चार्जशीट
भोपाल । डेस्क: चर्चित मॉडल और पूर्व मिस पुणे त्विशा शर्मा मौत मामले में ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (एम्स) के पांच सदस्यीय मेडिकल बोर्ड ने अपनी अंतिम फॉरेंसिक रिपोर्ट केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी है. 10 जुलाई को सीलबंद लिफाफे में जमा की गई इस 11 पन्नों की फॉरेंसिक रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि त्विशा की मृत्यु आत्महत्या से हुई है.
एम्स के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने बताया कि बोर्ड ने मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच करने के बाद यह निष्कर्ष निकाला है. रिपोर्ट के अनुसार, शरीर पर ऐसे कोई गंभीर या चिकित्सा-विधिक महत्व के चोट के निशान नहीं मिले हैं जो शारीरिक हमले या संघर्ष की ओर इशारा करते हों.
इसके साथ ही बोर्ड ने जांच के दौरान जिम्नास्टिक बेल्ट और मेटल रिंग जैसे लिगैचर मटीरियल से जुड़े विवादित पहलुओं को भी सुलझा लिया है. मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देश पर गठित इस बोर्ड ने अपनी अनुपालन रिपोर्ट की एक प्रति हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल को भी भेज दी है.
दूसरी ओर, सीबीआई ने इस मामले में भोपाल की विशेष अदालत में 636 पन्नों की चार्जशीट दाखिल कर दी है. जांच एजेंसी ने त्विशा के पति समर्थ सिंह और सास गिरिबाला सिंह के खिलाफ दहेज हत्या, क्रूरता और आत्महत्या के लिए उकसाने जैसी गंभीर धाराओं के तहत आरोप लगाए हैं.
आरोपी समर्थ सिंह पेशे से वकील हैं और उनकी मां गिरिबाला सिंह सेवानिवृत्त जिला न्यायाधीश हैं; दोनों फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं.
उल्लेखनीय है कि मॉडल और अभिनेत्री रहीं त्विशा शर्मा का विवाह दिसंबर 2025 में हुआ था. शादी के महज पांच महीने बाद 12 मई 2026 को भोपाल के कटारा हिल्स स्थित उनके ससुराल में उनका शव मिला था, जिसके बाद मायके पक्ष ने दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए सीबीआई जांच की मांग की थी.