रवि, 18 अक्टू. 2026

CGKhabar

मेसी टूर्नामेंट के तुरंत बाद संन्यास नहीं लेंगे

C

CG Khabar

24 जून 2026, 06:37 PM 2 मिनट में पढ़ें 2

लियोनेल मेसी
लियोनेल मेसी

नई दिल्ली । डेस्क: फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेसी 38 साल पूरे कर 39वें वर्ष में प्रवेश कर चुके हैं, लेकिन बढ़ती उम्र के साथ भी मैदान पर उनकी चमक बरकरार है. बुधवार को मेसी का जन्मदिन था, मगर विश्व कप के व्यस्त शेड्यूल के बीच उन्होंने कोई भव्य पार्टी नहीं मनाई. इसके बजाय, मेसी ने खुद को हर दिन की तरह अभ्यास और साधना में डुबोए रखा. 


उन्होंने टीम के साथियों के साथ जिम में जमकर पसीना बहाया और अनुशासन की मिसाल पेश की, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हो रहा है.

विज्ञापन


इस बीच मेसी ने अपने प्रशंसकों के लिए एक बड़ी राहत की खबर दी है कि इस टूर्नामेंट के तुरंत बाद उनका संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है. जन्मदिन से ठीक पहले जब एक पत्रकार ने उनसे अगले विश्व कप (2030) में खेलने को लेकर सीधा सवाल किया, तो मेसी ने कहा, "हाँ, मैं अभी कुछ और समय तक खेलूँगा. जब तक मैं टीम में अपना योगदान देने में सक्षम हूँ, तब तक खेलना जारी रखूँगा. शारीरिक रूप से मैं बहुत अच्छी स्थिति में हूँ और साथियों की मदद कर पा रहा हूँ." 


हालांकि उन्होंने 2030 विश्व कप में खेलने को लेकर कोई पक्का दावा नहीं किया, लेकिन यह साफ कर दिया कि वह फिलहाल खेल को अलविदा नहीं कह रहे हैं. उन्होंने आगे कहा, "अभी से कुछ भी कहना संभव नहीं है. मैं बहुत आगे की नहीं सोचना चाहता. जैसा कि मैंने पहले भी कहा है, मैं हर दिन को जीता हूँ और वर्तमान पर ही ध्यान केंद्रित करता हूँ."


अर्जेंटीना की टीम के होटल में उनके साथी खिलाड़ियों एमिलियानो मार्टिनेज, निकोलस ओटामेंडी और लॉटारो मार्टिनेज ने उनके लिए एक सरप्राइज सेलिब्रेशन की तैयारी की थी, क्योंकि वे जानते थे कि मेसी विश्व कप के बीच किसी बड़े आडंबर को पसंद नहीं करेंगे. 


चालू विश्व कप में दो मैचों में ही 5 गोल दागकर 'गोल्डन बूट' की रेस में सबसे आगे चल रहे मेसी का जादू अब भी सिर चढ़कर बोल रहा है. साल 2030 के विश्व कप के समय मेसी की उम्र 43 वर्ष होगी. हालांकि इस उम्र में अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल खेलने के उदाहरण कम ही हैं, लेकिन मेसी जिस बेहतरीन फॉर्म और फिटनेस में हैं, उसे देखते हुए उनके लिए कुछ भी असंभव नहीं लगता.

यह खबर शेयर करें: WhatsApp Facebook
CGKhabar — Editor: Raghvendra Chand Singh, Raipur, Chhattisgarh. Managed by Space IX Media LLP