जेल से मेहुल चोकसी का दावा: "बैंकों ने गलत रिपोर्ट दी, मुझे बलि का बकरा बनाया"
बेल्जियम की जेल में बंद भगोड़े हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी ने पंजाब नेशनल बैंक घोटाले के आरोपों को सरकार की सोची-समझी साजिश बताया है. इंटरव्यू में उसने अपनी खराब सेहत, मानसिक स्थिति और एंटीगुआ से कथित अपहरण का भी जिक्र किया.
नई दिल्ली । डेस्क: एंटवर्प की जेल में बंद और भारत प्रत्यर्पण का सामना कर रहा भगोड़ा हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी का दावा है कि उसके खिलाफ लगाए गए सभी आरोप एक साजिश हैं. एक जांच पर आधारित पॉडकास्ट को दिए इंटरव्यू में चोकसी ने कहा कि भारत सरकार उसे बलि का बकरा बनाना चाहती थी और बैंकों ने सालों तक अपने आंतरिक आंकड़ों की गलत रिपोर्टिंग की.
इंटरव्यू के दौरान दुबले और कमजोर दिख रहे चोकसी ने बताया कि एंटीगुआ से कथित अपहरण के बाद से वह पीटीएसडी (PTSD), मानसिक दबाव और चिंता से जूझ रहा है.
उसने कहा कि वह जेल में भी अपहरणकर्ताओं को देखता है और उसे सपने आते हैं कि वे उसे पकड़ने आ रहे हैं.
जेल में कीमा बनाने वाली फैक्टरी में काम करने और खाना पकाने वाले चोकसी ने पंजाब नेशनल बैंक (PNB) घोटाले से जुड़े सवालों का मुख्य रूप से कोई जवाब नहीं दिया. उसने कहा कि वह समझता है कि राज्य के खिलाफ लड़ना आसान नहीं है, लेकिन उसे यकीन है कि एक दिन सच सामने आएगा.