वॉशिंगटन में भीषण दावानल से हाहाकार, सैकड़ों इमारतें खाक
नई दिल्ली । डेस्क: अमेरिका के पश्चिमी राज्यों में जंगलों की आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है. वॉशिंगटन राज्य के स्पोकेन इलाके में हालात सबसे अधिक चिंताजनक बने हुए हैं, जहां तेजी से फैलती आग के कारण अधिकारियों ने लगभग 60,000 लोगों को अपना घर खाली करने का आदेश दिया है.
इस भीषण आपदा में अब तक कम से कम 600 घर, व्यावसायिक प्रतिष्ठान और अन्य ढांचे जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुके हैं.
वॉशिंगटन के दूसरे सबसे बड़े शहर स्पोकेन और उसके आसपास के इलाकों में बीते सप्ताहांत में करीब 21 वर्ग किलोमीटर का क्षेत्र आग की चपेट में आ गया. स्थानीय प्रशासन, राज्य और संघीय एजेंसियां बड़े पैमाने पर राहत कार्य में जुटी हैं, लेकिन शुष्क मौसम और तेज हवाओं के चलते आग पर काबू पाना बेहद कठिन साबित हो रहा है.
पूरे वॉशिंगटन राज्य में अब तक लगभग 1,000 वर्ग किलोमीटर का इलाका झुलस चुका है और स्पोकेन सहित कई हिस्सों में आग अब भी अनियंत्रित है.
राहत एवं बचाव अधिकारियों के अनुसार, राहत की बात यह है कि अभी तक किसी व्यक्ति के घायल या लापता होने की सूचना नहीं है. हालांकि, अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि स्थिति गंभीर बनी हुई है.
सीनेटर मारिया कैंटवेल ने स्पोकेन में अधिकारियों के साथ एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि क्षेत्र अभी खतरे से बाहर नहीं है और आने वाले दिन काफी चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं. फिलहाल जांच एजेंसियां आग लगने के कारणों का पता लगा रही हैं.
आग का यह संकट केवल वॉशिंगटन तक ही सीमित नहीं है. पश्चिमी इडाहो और पूर्वी ओरेगॉन के मवेशी फार्म इलाकों में लगभग 1,360 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैली आग पर काबू पाने के लिए पिछले 10 दिनों से बुलडोजर और हेलीकॉप्टरों की मदद ली जा रही है, जिससे 1,400 से अधिक इमारतों पर खतरा मंडरा रहा है.
इसके अलावा, सेंट्रल यूटा में आग का दायरा सप्ताहांत में दोगुने से अधिक बढ़कर 145 वर्ग किलोमीटर तक पहुंच गया, जहां 100 से अधिक मवेशियों की मौत हो चुकी है.